Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय टीम के अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अपने क्रिकेट करियर की नई पारी की शुरुआत कर दी है। अश्विन को यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ETPL) के पहले सीजन के लिए डबलिन गार्डियंस का कप्तान और मेंटर नियुक्त किया गया है। वह मैदान पर टीम की अगुआई करने के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन भी करेंगे।

राहुल द्रविड़ की फ्रेंचाइजी से जुड़े अश्विन

डबलिन गार्डियंस फ्रेंचाइजी के मालिक भारत के पूर्व कप्तान और विश्व कप विजेता कोच राहुल द्रविड़ हैं। ऐसे में अश्विन का इस टीम से जुड़ना लीग की सबसे बड़ी नियुक्तियों में से एक माना जा रहा है।

आईपीएल के बाद नई चुनौती

आईपीएल 2025 के बाद पेशेवर क्रिकेट से संन्यास लेने वाले अश्विन फिलहाल अमेरिका में मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स की ओर से खेल रहे हैं। अब वह यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग में कप्तान और मेंटर की दोहरी भूमिका निभाते नजर आएंगे।

यूरोप की पहली ICC मान्यता प्राप्त फ्रेंचाइजी लीग

यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ETPL) को क्रिकेट आयरलैंड, क्रिकेट स्कॉटलैंड और रॉयल डच क्रिकेट एसोसिएशन की साझेदारी में शुरू किया गया है। यह यूरोप की पहली ICC मान्यता प्राप्त बहु-देशीय फ्रेंचाइजी टी20 लीग होगी। इस लीग में छह टीमें हिस्सा लेंगी, जो डबलिन, बेलफास्ट, एडिनबर्ग, ग्लासगो, रॉटरडैम और एम्स्टर्डम का प्रतिनिधित्व करेंगी।

कई दिग्गज खिलाड़ी भी होंगे लीग का हिस्सा

ETPL के पहले सीजन में अश्विन के अलावा कई अंतरराष्ट्रीय सितारे भी खेलते नजर आएंगे। इनमें दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस, ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ और मिचेल मार्श, न्यूजीलैंड के मिचेल सेंटनर और ट्रेंट बोल्ट समेत कई बड़े नाम शामिल हैं। बाकी खिलाड़ियों का चयन 2 जुलाई को होने वाले प्लेयर ड्राफ्ट में किया जाएगा।

26 अगस्त से शुरू होगी लीग

यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग का पहला सीजन 26 अगस्त से 20 सितंबर तक आयरलैंड, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड में खेला जाएगा। अश्विन की अगुआई में डबलिन गार्डियंस खिताब जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

NO Such Result Found