बोर्नमाउथ (इंग्लैंड): आर्सेनल ने आखिरकार 22 साल के लंबे इंतजार को खत्म करते हुए प्रीमियर लीग 2025-26 का खिताब अपने नाम कर लिया। मंगलवार को मैनचेस्टर सिटी और बोर्नमाउथ के बीच मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहने के बाद आर्सेनल आधिकारिक रूप से चैंपियन बन गया।
मैनचेस्टर सिटी को खिताबी दौड़ में बने रहने के लिए हर हाल में जीत दर्ज करनी थी, लेकिन वाइटलिटी स्टेडियम में टीम ऐसा करने में नाकाम रही। मैच ड्रॉ होते ही आर्सेनल ने अंक तालिका में चार अंकों की अजेय बढ़त बना ली और ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
आर्सेनल ने इससे पहले आखिरी बार 2004 में प्रीमियर लीग का खिताब जीता था। इसके बाद क्लब कई बार करीब पहुंचा, लेकिन ट्रॉफी जीतने का सपना अधूरा रह गया। इस बार टीम ने पूरे सीजन शानदार प्रदर्शन किया और आखिरकार इतिहास रच दिया।
मैनचेस्टर सिटी के मैनेजर पेप गार्डियोला की लगातार खिताब जीतने की उम्मीद भी इसी के साथ खत्म हो गई। पिछले कुछ सालों से इंग्लिश फुटबॉल में दबदबा बनाने वाली सिटी इस बार आर्सेनल को रोक नहीं पाई।
आर्सेनल के चैंपियन बनने की खबर सामने आते ही क्लब के प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। लंदन में एमिरेट्स स्टेडियम के बाहर हजारों फैंस जमा हो गए और देर रात तक जश्न मनाते रहे।