Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : वेस्ट एशिया में अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत की ऊर्जा आपूर्ति पर भी दिखने लगा है। इस भू-राजनीतिक संकट के कारण देश में पेट्रोलियम और एलपीजी की सप्लाई प्रभावित हुई है। इसी बीच खबरें सामने आईं कि एलपीजी की कमी का असर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 पर भी पड़ सकता है। टूर्नामेंट का आगाज 28 मार्च से बेंगलुरु में होना है, लेकिन मौजूदा हालात ने आयोजन को लेकर नई चिंता खड़ी कर दी है।

होटल और रेस्टोरेंट सेक्टर में बढ़ी चिंता

एलपीजी की कमी का असर सबसे ज्यादा होटल और रेस्टोरेंट सेक्टर पर देखने को मिल रहा है। चेन्नई और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों में होटल एसोसिएशन ने चिंता जताई है कि मौजूदा एलपीजी स्टॉक केवल एक-दो दिन तक ही चल सकता है। स्थिति को संभालने के लिए कई होटलों ने अपने मेन्यू में बदलाव करना शुरू कर दिया है। वे ऐसे व्यंजन परोसने पर ध्यान दे रहे हैं जिनमें कम गैस की जरूरत हो, ताकि सीमित स्टॉक को ज्यादा समय तक चलाया जा सके।

पेट्रोलियम मंत्रालय ने दी स्थिति पर जानकारी

एलपीजी की कमी को लेकर पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर बयान जारी किया। मंत्रालय ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में एलपीजी की आपूर्ति को प्राथमिकता के आधार पर घरेलू उपभोक्ताओं और जरूरी क्षेत्रों के लिए सुनिश्चित किया जा रहा है। इस फैसले का मकसद आम लोगों को राहत देना है, लेकिन इससे होटल और कमर्शियल सेक्टर पर दबाव बढ़ सकता है, जो बड़े आयोजनों की तैयारियों में अहम भूमिका निभाते हैं।

IPL पर असर को लेकर अरुण धूमल का बयान

आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि बोर्ड फिलहाल स्थिति पर नजर बनाए हुए है और परिस्थितियों के अनुसार फैसला लिया जाएगा। अरुण धूमल ने कहा, 'हम इस स्थिति की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। यह लगातार बदलती हुई परिस्थिति है, इसलिए अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। जरूरत के मुताबिक हम आगे फैसला लेंगे।'

जल्द जारी होगा IPL 2026 का शेड्यूल

इस बीच बीसीसीआई आईपीएल 2026 के शेड्यूल को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि टूर्नामेंट के शुरुआती 20 दिनों का कार्यक्रम 12 या 13 मार्च तक जारी किया जा सकता है। दरअसल असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल में होने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए शेड्यूल चरणबद्ध तरीके से जारी किया जा रहा है।

यात्रा और लॉजिस्टिक्स भी बन सकते हैं चुनौती

वेस्ट एशिया में जारी तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी पड़ा है। कई उड़ानों को रूट बदलना पड़ा है और कुछ को रद्द भी करना पड़ा है। हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप के दौरान जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका की टीमों को भारत से लौटने में इसी वजह से दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। अगर यही स्थिति जारी रहती है तो आईपीएल टीमों की यात्रा और मैच संचालन पर भी असर पड़ सकता है।