Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले में भारत को सुपर ओवर में हार का सामना करना पड़ा। मैच के बाद वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंका ए टीम के बीच झड़प देखने को मिली। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 

युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके लेकिन ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे (72) और विपराज निगम (51) की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारत ए ने त्रिकोणीय वनडे सीरीज के मुकाबले में श्रीलंका ए के सामने 266 रन का लक्ष्य रखा। दोनों बल्लेबाजों ने संकट की घड़ी में टीम को संभालते हुए आठवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। इसके जवाब में श्रीलंका टीम ने 265/9 का स्कोर बनाया जिससे मैच सुपर ओवर तक पहुंचा।

सुपर ओवर में श्रीलंका की तरफ से अविष्का फर्नांडो और सहान अराचिगे उतरे और उन्होंने 16 रन बनाए। भारत को जीत के लिए 17 रन की जरूरत थी और मैदान पर सुयांश और सूर्यवंशी उतरे। सुयांश ने स्ट्राइक ली और भारत ने 6 गेंदों में 9 रन बनाए जिससे टीम इंडिया को 7 रन से हार का सामना करना पड़ा। यह भारत की ट्राई सीरीज में दूसरी हार है। इससे पहले भारत को अफगानिस्तान से हार का सामना करना पड़ा था। 

मैच के बाद जब दोनों टीमों के खिलाफ एक दूसरे से हाथ मिलाते हैं, इस दौरान सूर्यवंशी और एक श्रीलंकाई खिलाड़ी के बीच बहस हो गई जिसके बाद युवा बल्लेबाज ने श्रीलंकाई खिलाड़ी को धक्का भी दिया जिस पर श्रीलंकाई खिलाड़ी ने भी उन्हें धक्का मारा। हालांकि इससे पहले यह मामला और बढ़ता साथी खिलाड़ी बीच बचाव में आ गए। हालांकि यह सब क्यों हुआ इसके पीछे की वजह अभी सामने नहीं आई है।