नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने 30 जुलाई को इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। अपने रिटायरमेंट के बाद अब रहाणे ने खुलासा किया है कि उनके फैसले के बाद कई मौजूदा और पूर्व भारतीय खिलाड़ियों ने उनसे संपर्क किया। इनमें सबसे खास फोन क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का था। रहाणे ने बताया कि सचिन को उम्मीद थी कि वह अभी कुछ और समय तक क्रिकेट खेलेंगे। हालांकि, रहाणे ने साफ किया कि उन्होंने बिना किसी पछतावे के संन्यास लेने का फैसला किया।
सचिन तेंदुलकर ने किया था सबसे पहले फोन
रहाणे ने बताया कि उनके रिटायरमेंट वीडियो के सामने आने के बाद सचिन तेंदुलकर ने उन्हें फोन किया था। सचिन ने उनसे कहा कि उन्हें लगा था कि रहाणे अभी और लंबे समय तक खेलेंगे। रहाणे ने इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कहा, 'सबसे पहला फोन सचिन पाजी का आया था। उन्होंने कहा कि उन्हें लगा था कि मैं और लंबे समय तक खेलूंगा। मैंने उनसे कहा कि मैं चीजों को खींचना नहीं चाहता था, क्योंकि मैं बिना किसी पछतावे के संन्यास ले रहा हूं।' उन्होंने आगे बताया, 'इरफान पठान ने भी फोन किया, जबकि पुजारा, विराट, रोहित और बुमराह ने मुझे मैसेज किया। मैंने सभी से यही कहा कि मैं संतुष्ट हूं, क्योंकि मैंने इस खेल को अपना सबकुछ दिया है।'
रिटायरमेंट वीडियो रिकॉर्ड करते हुए रो पड़े थे रहाणे
अजिंक्य रहाणे ने यह भी बताया कि रिटायरमेंट का ऐलान करना उनके लिए भावुक पल था। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो के जरिए अपने इंटरनेशनल करियर को अलविदा कहा था। रहाणे के मुताबिक, वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद वह काफी भावुक हो गए थे और खूब रोए। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि रिटायरमेंट का ऐलान उन्हें इस तरह भावुक कर देगा। 38 साल के रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। खास तौर पर ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 2020-21 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में उनकी कप्तानी को भारतीय क्रिकेट के यादगार अध्यायों में गिना जाता है।
अब ETPL में नजर आएंगे अजिंक्य रहाणे
इंटरनेशनल क्रिकेट के साथ-साथ भारतीय घरेलू क्रिकेट से भी संन्यास लेने के बाद रहाणे अब फ्रेंचाइजी क्रिकेट में खेलते नजर आएंगे। वह यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ETPL) के पहले सीजन में हिस्सा लेने वाले हैं। रहाणे मिशेल मार्श की कप्तानी वाली एम्स्टर्डम फ्लेम्स टीम का हिस्सा हैं। इस टीम के सह-मालिक ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज कप्तान स्टीव वॉ हैं। रहाणे ETPL में अपने अभियान की शुरुआत 26 अगस्त को फाफ डु प्लेसिस की कप्तानी वाली रॉटरडैम डॉकर्स के खिलाफ करेंगे। यह मुकाबला वूरबर्ग के स्पोर्टपार्क डुइवेस्टीन में खेला जाएगा।
अश्विन के साथ ETPL में दूसरा भारतीय
रहाणे ETPL 2026 में खेलने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी होंगे। उनसे पहले रविचंद्रन अश्विन इस लीग का हिस्सा बने हैं। अश्विन डबलिन गार्डियंस की कप्तानी करेंगे। रहाणे अपने टी20 करियर में सातवीं फ्रेंचाइजी टीम के लिए खेलेंगे। इससे पहले वह मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स, राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स, दिल्ली कैपिटल्स, चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा रह चुके हैं।
8 हजार टी20 रन के करीब रहाणे
अजिंक्य रहाणे अब टी20 क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि से सिर्फ 32 रन दूर हैं। उनके नाम फिलहाल टी20 क्रिकेट में 7,968 रन हैं।अगर वह 32 रन और बना लेते हैं, तो वह टी20 क्रिकेट में 8,000 रन पूरे करने वाले आठवें भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। उनसे पहले विराट कोहली, रोहित शर्मा, शिखर धवन, सूर्यकुमार यादव, संजू सैमसन, केएल राहुल और सुरेश रैना यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
रहाणे का अगला अध्याय
इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद रहाणे के करियर का अगला अध्याय अब फ्रेंचाइजी क्रिकेट में शुरू होगा। सचिन तेंदुलकर जैसे दिग्गज का यह कहना कि वह और खेल सकते थे, इस बात को भी दिखाता है कि भारतीय क्रिकेट में रहाणे के योगदान को कितना सम्मान मिला है।