स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने महिला टी20 विश्व कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान को 64 रन से रौंदते हुए शानदार आगाज किया। बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर मिली इस बड़ी जीत के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर बेहद खुश नजर आईं। उन्होंने भारतीय प्रशंसकों का आभार जताने के साथ-साथ स्मृति मंधाना, दीप्ति शर्मा और ऋचा घोष की जमकर तारीफ की।
भारतीय फैंस को कहा धन्यवाद
मैच के बाद हरमनप्रीत कौर ने भारतीय समर्थकों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि टीम को हर जगह जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। हरमनप्रीत ने कहा, 'सबसे पहले मैं भारतीय फैंस का धन्यवाद करना चाहती हूं। वे हमेशा हमारे साथ खड़े रहते हैं और उनका समर्थन हमारे लिए बहुत मायने रखता है।'
स्मृति और दीप्ति की कप्तान ने की सराहना
भारतीय कप्तान ने स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा के प्रदर्शन को जीत की बड़ी वजह बताया। उन्होंने कहा कि जब भी टीम को जरूरत होती है, ये दोनों खिलाड़ी आगे आकर जिम्मेदारी निभाती हैं। 'जब भी टीम को उनकी जरूरत होती है, वे हमेशा आगे आती हैं और टीम को आगे बढ़ाती हैं। आज दोनों ने जिस तरह प्रदर्शन किया, उससे मैं बेहद खुश हूं।'
ऋचा घोष को पहली गेंद पर बल्लेबाजी भेजना चाहती हैं हरमनप्रीत
मैच के दौरान ऋचा घोष ने सिर्फ 17 गेंदों में 34 रनों की तूफानी पारी खेलकर भारत के स्कोर को मजबूत बनाया। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी से प्रभावित हरमनप्रीत ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर फैसला उनके हाथ में होता तो वह ऋचा को पहली ही गेंद पर बल्लेबाजी के लिए भेज देतीं। हरमनप्रीत ने कहा, 'अगर मेरे हाथ में होता तो मैं ऋचा को पहली ही गेंद पर बल्लेबाजी के लिए भेज देती। लेकिन टीम में उनकी एक खास भूमिका है और वह उसे बखूबी निभा रही हैं। आज उन्होंने जिस तरह बल्लेबाजी की, उससे मैं बहुत खुश हूं।'
पिच पर शुरुआती दबाव के बाद संभली भारतीय टीम
हरमनप्रीत ने माना कि शुरुआत में भारतीय बल्लेबाजों ने खुद पर थोड़ा अनावश्यक दबाव बना लिया था, लेकिन बाद में उन्होंने और स्मृति मंधाना ने पारी को संभाल लिया। 'पिच अच्छी थी, लेकिन शुरुआत में हमने खुद पर थोड़ा दबाव बना लिया था। बाद में हमने खेल को नियंत्रित किया और वही हासिल किया जो हम चाहते थे।'
मंधाना और ऋचा ने दिलाई मजबूत शुरुआत
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 170/6 का मजबूत स्कोर खड़ा किया। स्मृति मंधाना ने 44 गेंदों पर 68 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें नौ चौके और दो छक्के शामिल थे। वहीं ऋचा घोष ने 17 गेंदों पर 34 रन बनाकर पाकिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बढ़ा दिया।
दीप्ति शर्मा की फिरकी में फंसा पाकिस्तान
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम कभी मुकाबले में नजर नहीं आई। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा। दीप्ति शर्मा ने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट झटके और पाकिस्तान की पूरी टीम को 17 ओवर में सिर्फ 106 रन पर समेट दिया। भारत ने यह मुकाबला 64 रन से जीतकर टूर्नामेंट में धमाकेदार शुरुआत की।