Sports

नई दिल्ली : इंग्लैंड के ऑलराउंडर डैनी लैंब ने 30 साल की उम्र में प्रोफेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। गर्दन में गंभीर चोट के कारण उनका करियर समय से पहले ही खत्म हो गया। इस सीजन की शुरुआत में लैंब की गर्दन में 'डिस्क हर्नियेशन' की समस्या हुई जिससे उनकी रीढ़ की हड्डी में चोट लग गई। हालांकि पिछले महीने उनकी सर्जरी हुई थी, लेकिन दाएं हाथ के इस गेंदबाज को चोट के असर का सामना करना पड़ रहा था और अब मेडिकल सलाह के बाद उन्होंने खेल से दूर होने का फैसला किया है। इस फैसले के साथ ही एक दशक से ज्यादा लंबे प्रोफेशनल करियर का अंत हो गया। 

इंग्लैंड के घरेलु क्रिकेटर लैंब ने लंकाशायर और ससेक्स दोनों का प्रतिनिधित्व किया और सभी फॉर्मेट में टीम के लिए अहम योगदान दिया। बीबीसी स्पोर्ट के अनुसार लैंब ने कहा, 'चोट के कारण करियर का खत्म होना बहुत मुश्किल है। मेडिकल सलाह लेने के बाद मुझे पता है कि मेरी लंबी अवधि की सेहत के लिए यह सही फैसला है। प्रोफेशनल खेल में एक दशक से ज्यादा समय बिताना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही है और मैं लंकाशायर और ससेक्स दोनों का प्रतिनिधित्व करने के लिए बहुत आभारी हूं। मैं कभी भी जन्मजात प्रतिभा वाला खिलाड़ी नहीं रहा, लेकिन मैंने हमेशा टीम के लिए अपना सब कुछ देने और जीत में मदद करने के लिए जो भी जरूरी था, वह करने की कोशिश की। मैं खुशकिस्मत हूं कि मुझे कुछ ऐसे शानदार पल देखने को मिले जो हमेशा मेरे साथ रहेंगे।' 

लैंब ने 2023 में ससेक्स जाने से पहले लंकाशायर के लिए सभी फॉर्मेट में 93 मैच खेले थे। उनके फर्स्ट-क्लास रिकॉर्ड में 33.13 की औसत से 8 विकेट शामिल थे, जबकि उन्होंने 134 का अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी बनाया था। प्रोफेशनल खिलाड़ी के तौर पर उनके आखिरी कुछ महीने चोट के कारण प्रभावित रहे। लैंब जून की शुरुआत के बाद से ससेक्स के लिए नहीं खेले हैं, जब शार्क्स ने केंट के खिलाफ अपने टी20 ब्लास्ट अभियान की एकमात्र घरेलू जीत दर्ज की थी। ससेक्स में लैंब ने क्लब की हालिया प्रगति में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने काउंटी चैंपियनशिप के डिवीजन वन में टीम के प्रमोशन और ब्लास्ट में फाइनल्स डे तक पहुंचने में योगदान दिया।

ससेक्स के हेड कोच और क्रिकेट डायरेक्टर पॉल फारब्रेस ने ऑलराउंडर के योगदान की सराहना की और उनके संन्यास से जुड़ी परिस्थितियों को भी समझा। उन्होंने कहा, 'किसी भी प्रोफेशनल एथलीट के लिए उस खेल से रिटायर होना हमेशा दुखद होता है जिसे वह बहुत पसंद करता है; और अगर ऐसा चोट की वजह से हो, तो यह और भी मुश्किल होता है। दुख की बात है कि डैनी अपना करियर जारी नहीं रख पाएंगे। मैं होव (Hove) में बिताए समय के दौरान उनके बेहतरीन कमिटमेंट और हुनर ​​के लिए उनका शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। काउंटी चैंपियनशिप में डिवीजन वन में हमारी टीम के प्रमोशन और 'ब्लास्ट' (Blast) में फाइनल्स डे तक पहुंचने में डैनी ने अहम भूमिका निभाई।' 

NO Such Result Found