Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 के अपने पहले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 8 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा, लेकिन कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने टीम का मनोबल गिरने नहीं दिया। मैच के बाद गायकवाड़ ने कहा, “सीजन की शुरुआत में ज्यादा गलतियां होना बुरा नहीं है, इससे टीम को सीखने का मौका मिलता है।” उन्होंने साफ किया कि टीम इस हार से घबराने वाली नहीं है और आगे बेहतर प्रदर्शन करेगी।

“हम मैच को अंत तक ले जाना चाहते थे” – गायकवाड़

रुतुराज गायकवाड़ ने मैच के बाद कहा, 'सच कहूं तो मैं ज्यादा निराश नहीं हूं। शुरुआत में परिस्थितियां काफी मुश्किल थीं, खासकर जोफ्रा और बर्गर के खिलाफ बल्लेबाजी करना आसान नहीं था। स्पिनर्स को भी मदद मिल रही थी।” उन्होंने आगे कहा, “हम और बेहतर बल्लेबाजी कर सकते थे और मैच को अंत तक ले जाते, शायद स्कोर 150-160 तक पहुंचता। लेकिन आजकल पता नहीं चलता कि कौन सा स्कोर अच्छा है।'

CSK की बल्लेबाजी फिर हुई फ्लॉप

चेन्नई सुपर किंग्स की बल्लेबाजी इस मैच में पूरी तरह फ्लॉप रही। पावरप्ले में टीम ने 3 विकेट खोकर सिर्फ 41 रन बनाए, जिससे टीम शुरुआत से ही दबाव में आ गई। पूरी पारी में कोई भी साझेदारी 40 रन तक नहीं पहुंच सकी, जो टीम की हार की सबसे बड़ी वजह बनी। लगातार गिरते विकेटों के कारण टीम कभी भी मैच में वापसी नहीं कर पाई।

शुरुआती झटकों से उबर नहीं पाई टीम

CSK की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने 3.1 ओवर में ही 19 रन पर 3 विकेट गंवा दिए। कप्तान रुतुराज गायकवाड़ और संजू सैमसन दोनों जल्दी आउट हो गए, जबकि आयुष म्हात्रे खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बाद मिडिल ऑर्डर भी कुछ खास नहीं कर सका। सरफराज खान ने 17 रन और कार्तिक शर्मा ने 18 रन बनाए, लेकिन कोई बड़ी साझेदारी नहीं बन सकी।

जेमी ओवरटन की लड़ाई, लेकिन नहीं मिला साथ

टीम के लिए सबसे ज्यादा संघर्ष जेमी ओवरटन ने किया, जिन्होंने 36 गेंदों में 43 रन की पारी खेली। लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई खास समर्थन नहीं मिला। शिवम दुबे 6 रन, नूर अहमद 1 रन और मैट हेनरी 5 रन बनाकर आउट हो गए, जिसके कारण पूरी टीम 127 रन पर ऑल आउट हो गई।

राजस्थान ने आसानी से हासिल किया लक्ष्य

राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए CSK को 127 रन पर रोक दिया। जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर ने शुरुआती झटके दिए, जबकि बाकी गेंदबाजों ने भी दबाव बनाए रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव सूर्यवंशी ने 17 गेंदों में 52 रन की तूफानी पारी खेली और टीम ने 47 गेंद शेष रहते मैच जीत लिया। अब CSK का अगला मुकाबला 3 अप्रैल को पंजाब किंग्स से होगा।