Sports

स्पोर्ट्स डेस्क :  दिल्ली कैपिटल्स के विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक पोरेल कानूनी विवाद में घिर गए हैं। पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के मोगरा पुलिस स्टेशन में एक महिला और उसकी मां ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि अभिषेक पोरेल ने शादी का वादा कर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके अलावा उन पर मारपीट और आपराधिक धमकी देने के भी आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

तीन साल तक रिश्ते में रहने का दावा

महिला का दावा है कि वह पिछले तीन वर्षों से अभिषेक पोरेल के साथ रिश्ते में थीं। शिकायत के अनुसार, वर्ष 2025 के दौरान दोनों के बीच मतभेद शुरू हुए, जिसके बाद पोरेल ने उनसे दूरी बनानी शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है और मामले की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी।

अभिषेक पोरेल ने आरोपों से किया इनकार

अभिषेक पोरेल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि अच्छा प्रदर्शन करने की वजह से उनका नाम इस तरह के विवाद में घसीटा जा रहा है। पोरेल ने कहा, 'मैं इस समय अच्छा खेल रहा हूं, इसलिए इस तरह की बातें सामने आ रही हैं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मैं इस मामले पर बात करूंगा। अभी तक पुलिस ने मुझसे कोई पूछताछ नहीं की है।'

आईपीएल 2026 में सीमित मौके, लेकिन घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन

आईपीएल 2026 में अभिषेक पोरेल को बल्लेबाजी के सिर्फ चार मौके मिले, जिनमें उन्होंने 108 रन बनाए। इस दौरान राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उन्होंने अर्धशतक भी जड़ा। दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। इसके बाद बंगाल प्रो टी20 लीग में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। छह मैचों में उन्होंने 275 रन बनाए, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल रहे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 94 रन रहा।

घरेलू क्रिकेट में भी मजबूत रिकॉर्ड

अभिषेक पोरेल ने 2022 में बंगाल के लिए घरेलू क्रिकेट में पदार्पण किया था। अब तक वह 32 प्रथम श्रेणी और 23 लिस्ट-ए मुकाबले खेल चुके हैं। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनके नाम एक शतक और 12 अर्धशतक हैं, जबकि लिस्ट-ए क्रिकेट में उन्होंने दो शतक और पांच अर्धशतक लगाए हैं। अब इस पूरे मामले में पुलिस जांच के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

NO Such Result Found