Sports

लाहौर: पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 के फाइनल में पेशावर जाल्मी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैदराबाद किंग्समेन को 5 विकेट से हराकर 9 साल बाद खिताब अपने नाम कर लिया। कप्तान Babar Azam इस बड़े मुकाबले में गोल्डन डक पर आउट हो गए, लेकिन टीम के हीरो बने ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर Aaron Hardie।

हार्डी ने गेंद और बल्ले दोनों से कमाल करते हुए मैच का रुख पलट दिया। उन्होंने पहले 4 विकेट झटके और फिर नाबाद अर्धशतक जड़कर टीम को जीत दिलाई। उनके इस ऑलराउंड प्रदर्शन ने फाइनल को पूरी तरह एकतरफा बना दिया।

लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में हैदराबाद किंग्समेन ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की और शुरुआत शानदार रही। पावरप्ले तक टीम का स्कोर 69/2 था और लग रहा था कि बड़ा स्कोर बनेगा। लेकिन इसके बाद टीम अचानक लड़खड़ा गई और लगातार विकेट गिरते चले गए। मिडिल ऑर्डर पूरी तरह फ्लॉप रहा और पूरी टीम 18 ओवर में सिर्फ 129 रन पर सिमट गई।

किंग्समेन के लिए Saim Ayub ने 54 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई खास साथ नहीं मिला। विकेटों के गिरने का सिलसिला जारी रहा, जिससे रन गति भी धीमी पड़ गई। हार्डी ने 4 ओवर में 27 रन देकर 4 विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। उनकी गेंदबाजी ने मैच को पूरी तरह पेशावर के पक्ष में कर दिया।

130 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पेशावर जाल्मी की शुरुआत भी बेहद खराब रही। पहले ही ओवर में टीम ने मोहम्मद हारिस और बाबर आजम के विकेट गंवा दिए, जिससे दबाव बढ़ गया। कुछ ही ओवर में स्कोर 40/4 हो गया और ऐसा लगने लगा कि मैच फंस सकता है। लेकिन यहीं से हार्डी ने मोर्चा संभाल लिया और पारी को संभालते हुए तेजी से रन बनाए।

हार्डी ने Abdul Samad के साथ मिलकर अहम साझेदारी की और टीम को जीत की ओर ले गए। हार्डी ने 39 गेंदों में नाबाद 56 रन बनाए, जबकि समद ने 48 रन का योगदान दिया।दोनों के बीच शानदार साझेदारी ने मैच का पासा पलट दिया और पेशावर ने 15.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।

इस जीत के साथ पेशावर जाल्मी ने 2017 के बाद पहली बार PSL का खिताब जीता। हार्डी के ऑलराउंड प्रदर्शन को लंबे समय तक याद रखा जाएगा, क्योंकि उन्होंने अकेले दम पर टीम को चैंपियन बना दिया।