स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 में विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच हुए विवाद के बाद सोशल मीडिया पर फैंस के बीच बहस लगातार बढ़ती जा रही है। इस विवाद के बाद अब पूर्व भारतीय ओपनर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने ट्रोलर्स पर जमकर निशाना साधा है।आकाश चोपड़ा ने खिलाड़ियों के परिवार और करीबियों को सोशल मीडिया पर निशाना बनाने वालों को ‘सबसे घटिया सोच वाले लोग’ बताया।
ट्रेविस हेड की पत्नी ने किया था बड़ा खुलासा
दरअसल, सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मुकाबले के बाद ट्रेविस हेड की पत्नी जेसिका हेड ने खुलासा किया था कि उनके परिवार और दोस्तों को सोशल मीडिया पर लगातार भद्दे मैसेज और नफरत भरे कमेंट्स मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह सब विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच मैदान पर हुई बहस के बाद शुरू हुआ।
आकाश चोपड़ा ने ट्रोलर्स पर निकाला गुस्सा
आकाश चोपड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा, 'खिलाड़ियों की पत्नियों और बच्चों को गालियां देना सबसे घटिया हरकत है। ऐसे लोग खुद अपने या अपने पसंदीदा खिलाड़ियों के खिलाफ थोड़ी आलोचना भी बर्दाश्त नहीं कर सकते। ये पूरी तरह पाखंडी हैं।' उनका यह बयान तेजी से वायरल हो गया और कई क्रिकेट फैंस ने भी ट्रोलिंग के खिलाफ आवाज उठाई।
क्या था विराट कोहली और ट्रेविस हेड विवाद?
हैदराबाद में खेले गए मुकाबले के दौरान RCB की बल्लेबाजी के समय विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच मैदान पर तीखी बहस देखने को मिली थी। हालांकि दोनों खिलाड़ियों के बीच क्या बातचीत हुई, यह साफ नहीं हो पाया। मैच खत्म होने के बाद भी मामला चर्चा में रहा, क्योंकि वायरल वीडियो में ट्रेविस हेड विराट कोहली से हाथ मिलाने पहुंचे, लेकिन कोहली उन्हें नजरअंदाज करते हुए आगे बढ़ गए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और दोनों खिलाड़ियों के फैंस के बीच बहस छिड़ गई।
जेसिका हेड ने मानसिक स्वास्थ्य पर भी उठाए सवाल
जेसिका हेड ने कहा कि खेल में जुनून होना अच्छी बात है, लेकिन लोगों को यह नहीं भूलना चाहिए कि खिलाड़ी भी इंसान हैं और उनके परिवार भी इस सब से प्रभावित होते हैं। उन्होंने कहा, 'आज के समय में खेलों में मानसिक स्वास्थ्य और एक-दूसरे से बात करने के तरीके पर गंभीर चर्चा की जरूरत है। उम्मीद है लोग थोड़ा दयालु बनेंगे।'
सोशल मीडिया ट्रोलिंग पर फिर उठे सवाल
इस पूरे विवाद ने एक बार फिर खेल जगत में बढ़ती ऑनलाइन ट्रोलिंग और खिलाड़ियों के परिवारों को निशाना बनाए जाने की समस्या को सामने ला दिया है। कई पूर्व क्रिकेटर और फैंस अब सोशल मीडिया पर जिम्मेदार व्यवहार की मांग कर रहे हैं।