Sports

नई दिल्ली : केन्द्र सरकार ने खेलों इंडिया योजना के तहत पैरा खिलाड़ियों के लिए 13.73 करोड़ रूपये जारी किए हैं। यह जानकारी खेल मंत्री किरेन रीजीजू ने सोमवार को राज्य सभा में दी। रीजीजू ने अपने लिखित जवाब में कहा भारतीय संविधान के तहत खेल ‘राज्यों के तहत' आते हैं, इसके बाद भी केन्द्र सरकर वर्ष 2016-17 से योजनाओं के आधार पर कोष मुहैया करा रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार खेलों में राज्य या केन्द्र शासित प्रदेश की जगह योजनाओं के आधार पर कोष आवंटित करती है। खेलो इंडिया योजना के तहत ‘दिव्यांग व्यक्तियों के बीच खेल को बढ़ावा देना' के लिए अब तक 13.73 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं।तोक्यो पैरालंपिक (25 अगस्त से छह सितंबर) के लिए 20 से अधिक भारतीय खिलाड़ियों ने क्वालीफिकेशन हासिल किए हैं। इसमें से कई खिलाड़ियों को केन्द्र सरकार की योजना ‘टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम' का लाभ भी मिल रहा है।