Golf

फ्लोरिडा : भारतीय गोल्फर अदिति अशोक ने पहले दौर में तीन अंडर 67 का स्कोर बनाया जिससे वह पेलिकन महिला चैंपियनशिप गोल्फ टूर्नामेंट में संयुक्त 14वें स्थान पर हैं। यह 27 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी न्यूजीलैंड की विश्व की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी लीडिया को के साथ संयुक्त 14वें स्थान पर हैं।

अदिति ने चार बर्डी लगायी और उन्होंने 15वें होल तक कोई बोगी नहीं की थी। इस बीच लियोना मैगवायर ने आठ अंडर 62 का कार्ड खेला जो उनके करियर का दूसरा न्यूनतम स्कोर है। मैगवायर अकेले शीर्ष पर काबिज हैं जबकि सेइ यंग किम (64) दूसरे स्थान पर हैं। लेक्सी थाम्पसन (65) सहित पांच खिलाड़ी संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं।

उधर, भारतीय गोल्फर अनिर्बान लाहिड़ी ‘हेवलेट पैकार्ड एंटरप्राइज’ ह्यूस्टन ओपन के पहले दौर में दो ओवर 72 का कार्ड खेलकर 101वें स्थान के साथ कट में जगह हासिल करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। लाहिड़ी ने शुरुआती 15 होल तक पार स्कोर किया था लेकिन 16वें और 17वें होल में बोगी के कारण तालिका में काफी नीचे खिसक गए।

खराब लय में चल रहे इस खिलाड़ी को कट (तालिका में 60वें स्थान तक) में जगह बनाने के लिए दूसरे दौर में अपने खेल में काफी सुधार करना होगा। मार्क लीशमैन, रसेल हेनले, टैलोर गूच और ल्यूक लिस्ट पांच अंडर 65 के स्कोर के साथ तालिका में शीर्ष पर हैं।