Sports

नई दिल्ली:  भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली लगभग हर सीरीज में एक नया कीर्तिमान बनाते हैं और यदि श्रीलंका के खिलाफ आगामी सीरीज में भी वह इसे कायम रखते हुये 3-0 से क्लीन स्वीप करते हैं तो उनके पास पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली के रिकार्ड को तोडऩे का मौका रहेगा। 

भारत ने इसी वर्ष श्रीलंका की जमीन पर उसके खिलाफ 9-0 से तीनों प्रारूपों में जीत दर्ज करने की उपलब्धि हासिल की थी और अब घरेलू सीरीज में भी वह जीत की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। यदि टीम इंडिया विराट की कप्तानी में क्लीन स्वीप करती है तो गांगुली का 49 मैचों में बतौर कप्तान 21 टेस्ट जीतने का रिकार्ड टूट जाएगा।   फिलहाल विराट ने 29 टेस्ट मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी की है और 19 में जीत दिलाई है। इस मामले में महेंद्र सिंह धोनी उनसे आगे हैं जिनके नेतृत्व में टीम ने 60 मैचों में 27 जीते हैं। भारत यदि तीन में से दो टेस्ट श्रीलंका के खिलाफ जीतता है तो विराट पूर्व कप्तान गांगुली के बराबर हो जाएंगे और यदि उन्होंने क्लीन स्वीप की तो वह उनसे आगे निकल जाएंगे।  

भारतीय टीम ने विराट के नेतृत्व में लगातार आठ टेस्ट जीते हैं जिनमें हाल में उसने श्रीलंका को ही उसके घर में तीन टेस्टों की सीरीका में 3-0 से हराया था। भारत के लिये श्रीलंका काफी भाग्यशाली रहा है और वर्ष 2015 में श्रीलंका में जीत के बाद से ही उसने निरंतर जीत दर्ज की है। भारत ने दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, बंगलादेश, आस्ट्रेलिया और श्रीलंका को टेस्ट प्रारूप में मात दी है।