Sports

नई दिल्लीः सातवें अखिल भारतीय चंदगी राम गोल्ड कप कुश्ती के पहले दिन शनिवार को कैडेट और जूनियर वर्ग के अंतरराष्ट्रीय पहलवानो का बोलबाला रहा। विश्व जूनियर कुश्ती के रजत पदक विजेता प्रताप स्कूल खरखोदा के सज्जन ने विश्व कैडेट के कांस्य पदक विजेता प्रताप स्कूल के आशू को हराकर 75 किग्रा कुश्ती (15 -19) वर्ष का स्वर्ण पदक जीत लिया। 

छत्रसाल स्टेडियम के कमल सहरावत और यहीं के सौरभ सिंह को कांस्य पदक हासिल हुआ। सज्जन और आशू ओम प्रकाश दहिया के शिष्य है। दंगल के आयोजक जगदीश कालीरमन ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय पहलवान अनु पंघाल (छोटू राम स्टेडियम) ने चंदगी राम अखाड़े की आरती सरोहा को हरा कर सीनियर महिलाओ का 53 किग्रा का खिताब जीत लिया। जे एस स्कूल की सुशीला और भगत सिंह स्टेडियम की मनीषा को कांस्य पदक हासिल हुआ।

15 से 19 वर्ष के आयु वर्ग की लड़कियों में सत्यवान अखाड़े की ईशा ने कांसड़ी गांव की सुना को हरा कर स्वर्ण पदक जीता। संजय अखाड़े की रितु और रोहतक की दीपिका ने कांस्य पदक जीते। अर्जुन पुरस्कार विजेता कृपा शंकर ने बताया कि लड़कों के 5 से 7 वर्ष के आयु वर्ग की कुश्ती बेहद रोमांचक रही। कृष्ण अखाड़े के नांजा ने लाकलां गांव के रोहित कुमार को हराकर स्वर्ण पदक जीता। संजय अखाड़े के कार्तिक छिकारा और बागपत के कैफ को कांस्य पदक हासिल हुआ।