Sports

नयी दिल्ली : भारत ने आगामी राष्ट्रमंडल खेलों (Commonwealth Games) के लिए गुरूवार को 18 सदस्यीय महिला हॉकी टीम का चयन किया जिसमें फिर से स्टार स्ट्राइकर रानी रामपाल को बाहर रखा गया है क्योंकि वह चोट के बाद पूर्ण फिटनेस हासिल नहीं कर पायी हैं। राष्ट्रमंडल खेलों की टीम अगले महीने विश्व कप में हिस्सा लेने वाली टीम के समान ही है।

गोलकीपर सविता पूनिया टीम की कप्तान होंगी जबकि अनुभवी डिफेंडर दीप ग्रेस एक्का 28 जुलाई से 8 अगस्त तक चलने वाले बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में उप कप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगी। दोनों खिलाड़ी विश्व कप में भी यही भूमिका निभायेंगी जिसकी सह मेजबानी एक से 17 जुलाई तक नीदरलैंड और स्पेन कर रहे हैं।

राष्ट्रमंडल खेलों की टीम के लिए विश्व कप टीम में सिर्फ तीन बदलाव किये गये हैं। रजनी इतिमार्पू को बीचू देवी खरीबाम की जगह दूसरी गोलकीपर के तौर पर रखा गया है जबकि विश्व कप टीम सदस्य सोनिका (मिडफील्डर) को राष्ट्रमंडल खेलों की टीम में शामिल नहीं किया गया है।

फॉरवर्ड संगीता कुमारी को विश्व कप के लिये स्थानापन्न खिलाड़ियों में से एक चुना गया था लेकिन वह राष्ट्रमंडल खेलों की टीम में पूर्ण सदस्य के तौर पर शामिल हैं। भारत को पूल ए में इंग्लैंड, कनाडा, वेल्स और घाना के साथ रखा गया है। भारत अपने अभियान की शुरूआत 28 जुलाई को घाना के खिलाफ करेगा।

राष्ट्रमंडल खेलों के लिये भारतीय महिला हॉकी टीम :
गोलकीपर : सविता (कप्तान), रजनी इतिमार्पू
डिफेंडर : दीप ग्रेस एक्का (उप कप्तान), गुरजीत कौर, निक्की प्रधान, उदिता
मिडफील्डर : निशा, सुशीला चानू, पुखराम्बाम, मोनिका, नेहा, ज्योति, नवजोत कौर, सलीमा टेटे
फॉरवर्ड : वंदना कटारिया, लालरेमसियामी, नवनीत कौर, शर्मिला देवी और संगीता कुमारी।