स्पोर्ट्स डेस्क : भारत जब इंग्लैंड के खिलाफ अपनी पांच मैचों की T20I सीरीज शुरू करने की तैयारी कर रहा है, तो सबका ध्यान टीनएज बैटिंग सेंसेशन वैभव सूर्यवंशी पर टिका है। जहां फैंस इस 15 साल के खिलाड़ी के इंटरनेशनल डेब्यू का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं जिन्हें आयरलैंड के खिलाफ 2-0 से क्लीन स्वीप में मौका नहीं मिला था। वहीं इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर ग्रीम स्वान का मानना है कि IPL के अनुभव की वजह से जोफ्रा आर्चर को इस युवा खिलाड़ी के खिलाफ थोड़ी बढ़त मिल सकती है।
स्वान ने जियोस्टार के 'गेम प्लान' शो में बात करते हुए कहा कि अगर इस टीनएजर को मौका मिलता है, तो सूर्यवंशी के खेल के बारे में आर्चर की जानकारी उन्हें इंग्लैंड का सबसे बड़ा हथियार बना सकती है। जोफ्रा आर्चर ने शायद वैभव सूर्यवंशी को सबसे ज़्यादा देखा है...' स्वान ने माना कि सूर्यवंशी जैसे बैटर के लिए तैयारी करना मुश्किल है क्योंकि उनका अंदाज निडर है, लेकिन उन्हें लगता है कि IPL के दौरान इस युवा खिलाड़ी के साथ आर्चर का अनुभव काम आ सकता है।
स्वान ने जियोस्टार पर कहा, 'वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ी के लिए तैयारी करना मुश्किल है। वह इंटरनेशनल क्रिकेट में अभी नए हैं, लेकिन IPL के दो सीजन खेल चुके हैं। इसका मतलब है कि वीडियो फुटेज उपलब्ध है। हो सकता है कि इंग्लैंड के कुछ बॉलर्स ने IPL में उन्हें बॉलिंग की हो। लेकिन सच तो यह है कि अब तक कोई भी उनके खिलाफ ज्यादा सफल नहीं हो पाया है। वह लगभग 'अनप्लेयेबल' (जिनकी बॉलिंग खेलना मुश्किल हो) दिखे हैं।'
इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर ने आर्चर को ऐसे बॉलर के तौर पर देखा, जिन्होंने शायद उनकी कोई कमजोरी पहचान ली हो। उन्होंने कहा, 'एक बॉलर जिसे थोड़ी बढ़त मिल सकती है, वह जोफ्रा आर्चर हैं। उन्होंने डगआउट से सूर्यवंशी को देखा है, नेट्स में उन्हें बॉलिंग की है और उन्हें करीब से देखा है। उन्होंने शायद किसी और के मुकाबले उन्हें ज़्यादा देखा है। हो सकता है कि उन्होंने कोई कमजोरी पकड़ ली हो। हो सकता है कि उनके पास कोई प्लान हो। उनके पास उसे आजमाने के लिए जबरदस्त रफ़्तार भी है। लेकिन अब तक चाहे किसी ने भी सूर्यवंशी को बॉलिंग की हो, चाहे बॉलर कितना भी बड़ा क्यों न हो, उनके पास हमेशा उसका जवाब रहा है।'