स्पोर्ट्स डेस्क : वेस्टइंडीज चैम्पियनशिप 2026 के एक मुकाबले में खतरनाक पिच के कारण चौंकाने वाला घटनाक्रम देखने को मिला। लीवार्ड आइलैंड्स और त्रिनिदाद एंड टोबैगो के बीच खेले जा रहे मैच में बल्लेबाज Jeremiah Louis को तेज गेंदबाज Jayden Seales की बाउंसर सिर पर जा लगी। गेंद की असामान्य उछाल के चलते लुईस सीधे जमीन पर गिर पड़े।
गुस्से में हेलमेट को मारी लात
चोट लगने के बाद लुईस काफी गुस्से में नजर आए। वह उठे और गुस्से में हेलमेट को लात मार दी। इसके बाद मैदान पर ही उन्हें तुरंत मेडिकल सहायता दी गई। उनके सिर पर कट लगा था, जिसके लिए टांके लगाने पड़े। बाद में उन्हें स्ट्रेचर पर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।
खतरनाक पिच के चलते मैच हुआ ड्रॉ
यह घटना मैच के तीसरे दिन लीवार्ड आइलैंड्स की दूसरी पारी के 48वें ओवर में हुई। पिच के असमान और अप्रत्याशित व्यवहार को देखते हुए मैच को बीच में ही रोकना पड़ा। Cricket West Indies ने बयान जारी कर कहा कि खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मैच को ड्रॉ घोषित किया गया।
बोर्ड का बयान: खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोपरि
क्रिकेट वेस्टइंडीज ने कहा कि पिच का व्यवहार खतरनाक हो गया था और इसे ठीक करना संभव नहीं था। बयान में कहा गया, 'जब अंपायरों को लगा कि खेल जारी रखना सुरक्षित नहीं है, तो मैच रेफरी से चर्चा के बाद मुकाबले को रोक दिया गया।' दोनों टीमों को नियमों के अनुसार अंक दे दिए गए।
अब इस मैदान पर नहीं होंगे मैच
बोर्ड ने यह भी साफ किया कि Sir Viv Richards Stadium में अब अगले मैच नहीं खेले जाएंगे। यहां अब केवल फाइनल (17-20 मई) आयोजित होगा, उससे पहले पिच को सुधारने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
सील्स से छिना खास रिकॉर्ड का मौका
इस मैच के रद्द होने से Jayden Seales एक बड़े रिकॉर्ड से चूक गए। उन्होंने 17.3 ओवर में 34 रन देकर 7 विकेट झटके थे और 10 विकेट लेने के करीब थे। मैच रुकने के समय लीवार्ड आइलैंड्स 140/7 पर था और 96 रन की बढ़त बना चुका था।