Sports

खेल डैस्क : वानखेड़े स्टेडियम में बतौर क्रिकेटर संभवत: आखिरी मुकाबला खेल रहे महेंद्र सिंह धोनी ने रविवार को दर्शकों को झूमने का एक और मौका दे दिया। मुंबई इंडियंस के खिलाफ इस मुकाबले में मैदान पर उतरने से पहले क्रिकेट फैंस क्रिकेट विश्व कप 2011 का वो फाइनल मुकाबला याद कर रहे थे जब धोनी ने छक्का लगाकर टीम इंडिया को जीत दिलाई थी और जिससे 28 साल बाद भारत में विश्व कप वापस आया था। धोनी ने भी प्रशंसकों को निराश नहीं किया। आखिरी ओवर में उतरे धोनी ने हार्दिक पांड्या की 4 गेंदों पर 20 रन बना दिए जिसमें लगातार 3 छक्के भी शामिल थे। धोनी की इस पारी ने चेन्नई को 200 पार तो पहुंचाया ही साथ ही साथ मुंबई के दर्शकों को एक कभी न भूलने वाली याद भी दे दी।

 

 


20वें ओवर में लगा चुके 61 छक्के
धोनी का 20वें ओवर में रिकॉर्ड शानदार रहा है। वह अब तक 309 गेंदें खेलकर 244 की स्ट्राइक रेट से 756 रन बना चुके हैं जिमसें 51 चौके और 61 छक्के शामिल हैं। इसी सीजन में भी वह 20वें ओवर में 12 गेंदें खेलकर 41 रन बना चुके हैं। इसमें दो चोके और पांच छक्के शामिल हैं। उनकी यहां स्ट्राइक रेट 341 बनती है।

 

 

धोनी की एंट्री पर भी मचा था खूब शोर
वानखेड़े में संभवत: धोनी आखिरी बार बतौर प्लेयर आए हैं तो ऐसे में दर्शकों ने भी उनका स्वागत करने में कोई कंजूसी नहीं दिखाई। धोनी ने जैसे ही मैदान पर पैर रखा दर्शकों ने पूरे जोश के साथ उनका स्वागत किया।


विश्व कप ट्रॉफी भी देखी
मैच से पहले बीसीसीआई ने महेंद्र सिंह धोनी की एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर की थी जिसमें धोनी क्रिकेट विश्व कप 2011 में जीती ट्रॉफी को देखने के लिए पहुंचते हैं। लंबे बालों वाले धोनी ट्रॉफी देखने के बाद पुरानी यादों पर खोते हुए नजर आते हैं। साथ ही वह अपने पोस्टर पर साइन भी देते हैं।

 

 



मुकाबले की बात करें तो चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले खेलते हुए खराब शुरूआत के बावजूद ऋतुराज गायकवाड़ के 69 तो शिवम दुबे 66 रनों की बदौलत 206 रन बनाए थे। चेन्नई के फैंस के लिए रोचक क्षण धोनी लेकर आए जिन्होंने 20वें ओवर में आकर 4 गेंदों पर 20 रन बना दिए। इसमें लगातार तीन छक्के भी शामिल थे। जवाब में खेलने उतरी मुंबई ने भी मजबूत शुरूआत की। ईशान जब 23 और सूर्यकुमार 0 पर आऊट हो गए तो रोहित और तिलक वर्मा (31) ने स्कोर 130 तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान हार्दिक पांड्या के 2 रन पर आऊट होते ही मुंबई को झटका लग गया। इसके बाद टीम ड्रैग हो गई। पथिराना की बेहतरीन गेंदबाजी जारी रही और मुंबई विकेट गंवाता रहा और अंत में मैच भी। रोहित शर्मा का शतक भी बेकार गया।


दोनों टीमों की प्लेइंग 11
चेन्नई सुपर किंग्स : रचिन रवींद्र, रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, डेरिल मिशेल, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, समीर रिजवी, एमएस धोनी (विकेटकीपर), शार्दुल ठाकुर, तुषार देशपांडे, मुस्तफिजुर रहमान
मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), टिम डेविड, मोहम्मद नबी, रोमारियो शेफर्ड, श्रेयस गोपाल, गेराल्ड कोएत्जी, जसप्रीत बुमराह, आकाश मधवाल