स्पोर्ट्स डेस्क: फीफा ने 2026 फुटबॉल विश्व कप के 'गोल ऑफ द टूर्नामेंट' अवॉर्ड का ऐलान कर दिया है। यह सम्मान केप वर्डे के डिफेंडर सिडनी लोपेस कैब्राल को अर्जेंटीना के खिलाफ राउंड ऑफ-32 मुकाबले में किए गए शानदार गोल के लिए मिला। उनके बेहतरीन कर्लिंग शॉट को दुनियाभर के फुटबॉल प्रशंसकों ने टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ गोल चुना।
103वें मिनट में दागा यादगार गोल
अर्जेंटीना ने मुकाबले में लिसेंड्रो मार्टिनेज के गोल से बढ़त बनाई थी, लेकिन कैब्राल ने शानदार वापसी कराते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। एक्स्ट्रा टाइम के 103वें मिनट में उन्होंने बाईं ओर से अंदर की ओर कट लगाते हुए एलेक्सिस मैक एलिस्टर को छकाया और दाएं पैर से ऐसा कर्लिंग शॉट लगाया, जिसे गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज भी नहीं रोक सके।
कैब्राल बोले- हर खिलाड़ी का सपना होता है ऐसा सम्मान
अवॉर्ड जीतने के बाद सिडनी लोपेस कैब्राल ने कहा, 'यह मेरे लिए अविश्वसनीय पल है। हर खिलाड़ी का सपना होता है कि उसके गोल को इस तरह की पहचान मिले। मैं उन सभी लोगों का आभारी हूं जिन्होंने मेरे गोल को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ गोल चुना। अब मेरी कोशिश होगी कि भविष्य में भी ऐसे गोल करूं और अपने क्लब व देश को जीत दिलाऊं।'
रोमेरो के गोल से जीता था अर्जेंटीना
हालांकि कैब्राल का गोल मुकाबले का सबसे यादगार पल रहा, लेकिन अंत में अर्जेंटीना ने क्रिस्टियन रोमेरो के हेडर की बदौलत यह रोमांचक मुकाबला जीत लिया। रोमेरो का शॉट रास्ते में डिफ्लेक्ट होकर गोल में गया और अर्जेंटीना अगले दौर में पहुंच गया।
इन खिलाड़ियों को भी मिला सम्मान
'गोल ऑफ द टूर्नामेंट' की सूची में उज्बेकिस्तान के एल्डोर शोमुरोदोव दूसरे और हैती के विल्सन इसिडोर तीसरे स्थान पर रहे। कैब्राल अब मैक्सी रोड्रिगेज, डिएगो फोर्लान, जेम्स रोड्रिगेज, बेंजामिन पावार्ड और रिचार्लिसन जैसे खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुका है।