Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : Jitesh Sharma ने IPL 2026 से पहले युवा बल्लेबाज Vaibhav Sooryavanshi को लेकर बड़ा बयान दिया है। जितेश ने वैभव की बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि वह मैदान के बाहर अभी पूरी तरह प्रोफेशनल नहीं हैं। जितेश ने मजाकिया अंदाज में बताया कि वैभव अक्सर रात में आइसक्रीम खा लेते हैं और उन्हें कई बार ऐसा करने से मना करना पड़ता है।

‘वैभव छठे गियर में बल्लेबाजी करता है’

'अभी के समय में वैभव सूर्यवंशी… मुझे लगता है कि वह वर्ल्ड क्रिकेट पर राज कर सकता है। उसके पास गियर नंबर 6 है और शानदार स्किल्स का पूरा पैकेज है,' आरसीबी स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज जितेश शर्मा ने एबी डिविलियर्स से बातचीत में कहा।

'वह (वैभव) प्रोफेशनल नहीं है, मैं आपको यह बता सकता हूं। हर कोई उसे प्रोफेशनल बनाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि वह पूरी तरह प्रोफेशनल बन पाएगा। मैदान पर वह प्रोफेशनल हो सकता है, लेकिन मैदान के बाहर नहीं। मैं उसे रात में आइसक्रीम खाने से मना करता हूं,' उन्होंने हंसते हुए कहा।

14 साल की उम्र में बना चुके हैं बड़ा नाम

वैभव सूर्यवंशी बहुत कम उम्र में ही बड़ा नाम बन चुके हैं। पिछले IPL सीजन में उन्होंने 35 गेंदों में शतक लगाकर सबको चौंका दिया था। इसके बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड में भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 175 रन की मैच जिताऊ पारी खेली, जिससे भारत ने वर्ल्ड कप जीता।

IPL 2026 वैभव के लिए बड़ी परीक्षा

IPL 2026 वैभव सूर्यवंशी के लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होगा। पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन के बाद अब सभी टीमों के गेंदबाज उनकी बल्लेबाजी का गहराई से विश्लेषण कर रहे हैं और उनकी कमजोरी ढूंढने की कोशिश करेंगे। ऐसे में इस सीजन यह देखना दिलचस्प होगा कि वैभव लगातार अच्छा प्रदर्शन कर पाते हैं या नहीं।

राजस्थान रॉयल्स में बदली टीम की स्थिति

Rajasthan Royals की टीम में भी इस बार काफी बदलाव हुआ है। टीम के लंबे समय तक कप्तान रहे संजू सैमसन के जाने के बाद टीम में लीडरशिप का बड़ा खालीपन है। ऐसे में वैभव सूर्यवंशी पर इस सीजन और ज्यादा जिम्मेदारी रहने वाली है।