Sports

नई दिल्ली : भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने गुरुवार को कहा कि यह मोहम्मद शमी के वापसी के सफर की बस शुरुआत है। उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ IPL मैच में इस अनुभवी तेज गेंदबाज की कसी हुई गेंदबाजी का जिक्र किया। भारत का यह तेज गेंदबाज (शमी) फिलहाल नेशनल टीम से बाहर हैं। LSG ने शमी को नीलामी से पहले की विंडो में सनराइजर्स हैदराबाद के साथ एक ट्रेड में 10 करोड़ रुपए में खरीदा था। शमी ने LSG के लिए अपने पहले ही मैच में IPL के इतिहास में पहले गेंदबाज बनकर इतिहास रच दिया जिन्होंने 2026 सीजन के पहले मैच में पहली ही गेंद पर विकेट लिया और केएल राहुल को आउट किया।

DC के खिलाफ शमी के प्रदर्शन के बारे में बात करते हुए पुजारा ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, 'IPL का यह सीजन मोहम्मद शमी के लिए बहुत अहम है और जिस तरह से उन्होंने DC के खिलाफ इस प्रदर्शन के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत की है, उससे पता चलता है कि वह पूरी तरह से तैयार हैं। हां, उनके आंकड़े 1 विकेट पर 28 रन थे, लेकिन शमी ही थे जिन्होंने पावरप्ले में अपनी टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने सबसे पहले रन चेज की पहली ही गेंद पर केएल राहुल को आउट किया और इसका पूरा श्रेय शमी को जाता है।' 

दिल्ली कैपिटल्स से छह विकेट से हारने के बावजूद शमी की शुरुआती गेंदबाजी ने 67 विकेटों वाले घरेलू सीजन के बाद उनकी शानदार फॉर्म को दिखाया। पुजारा ने कहा, 'उन्हें पता था कि राहुल को 'इनसाइड आउट' शॉट खेलना पसंद है, इसलिए उन्होंने एक वाइड गेंद डाली। राहुल ने 'इनसाइड आउट' शॉट खेला, लेकिन गेंद सीधे 'डीप पॉइंट' पर खड़े फील्डर के हाथों में चली गई। फिर उन्होंने कसी हुई लाइन पर गेंदबाजी करके रनों के बहाव को रोका और बल्लेबाजों को रन बनाने का मौका नहीं दिया। शमी पिछले एक साल से सभी फॉर्मेट में घरेलू क्रिकेट खेल रहे हैं और उनका प्रदर्शन अच्छा रहा है। वह अपनी घरेलू फॉर्म को IPL में भी दोहरा रहे हैं। दिल्ली के खिलाफ यह प्रदर्शन मोहम्मद शमी के वापसी के सफर की बस शुरुआत है।'