Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान एक छोटा सा विवाद देखने को मिला। भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह का थ्रो न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिचेल को लग गया, जिसके बाद मैदान पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि बाद में अर्शदीप ने मिचेल से माफी मांग ली, लेकिन टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर का मानना है कि इसके लिए माफी मांगने की कोई जरूरत नहीं थी।

‘मैदान पर आक्रामकता जरूरी है’

गौतम गंभीर ने कहा कि जब कोई खिलाड़ी अपने देश का प्रतिनिधित्व करता है तो उसके अंदर आक्रामकता होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा, 'आप अपने देश के लिए खेल रहे होते हैं और ऐसे में आक्रामकता दिखाना गलत नहीं है। अगर गेंद वापस फेंकी भी गई तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है। कोई भी गेंदबाज नहीं चाहता कि उसे एक ही ओवर में दो छक्के लगें। मैं अपने खिलाड़ियों से इसी तरह का जवाब देखना चाहता हूं।' गंभीर ने आगे कहा कि अगर अर्शदीप मिचेल से माफी नहीं भी मांगते तो उन्हें इसमें कोई समस्या नहीं होती।

‘क्रिकेट के मैदान पर कोई दोस्त या दुश्मन नहीं’

गंभीर ने कहा कि क्रिकेट के मैदान पर खिलाड़ियों का सिर्फ एक ही लक्ष्य होना चाहिए और वह है अपनी टीम के लिए मैच जीतना। उन्होंने कहा, 'माफी मांगने की कोई जरूरत नहीं थी। यह अच्छी बात है कि अर्शदीप ने माफी मांग ली, लेकिन मैदान पर न कोई दोस्त होता है और न ही दुश्मन। आपका काम सिर्फ अपने देश के लिए मैच जीतना है।'

ICC ने अर्शदीप पर लगाया जुर्माना

इस घटना के बाद ICC ने अर्शदीप सिंह पर कार्रवाई करते हुए उनकी मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया। उन्होंने ICC कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.9 का उल्लंघन किया था, जो अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान किसी खिलाड़ी की ओर गेंद या उपकरण अनुचित तरीके से फेंकने से संबंधित है। इस लेवल-1 अपराध के लिए अर्शदीप को एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया।

मैच में अर्शदीप का प्रदर्शन

फाइनल मुकाबले में अर्शदीप सिंह विकेट लेने में सफल नहीं हो सके। उन्होंने अपने चार ओवर में 32 रन दिए। वहीं डेरिल मिचेल भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और 11 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हो गए।

मैच के बाद अर्शदीप ने मांगी माफी

भारत की 96 रन की बड़ी जीत के बाद अर्शदीप सिंह ने खुद बताया कि उन्होंने मैच खत्म होने के बाद डेरिल मिचेल से माफी मांगी। अर्शदीप ने कहा कि उनका थ्रो जानबूझकर नहीं था और गेंद रिवर्स स्विंग की वजह से ज्यादा मुड़ गई और मिचेल को लग गई। मैच के बाद दोनों खिलाड़ियों की बातचीत का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।