स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार, 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस बड़े मुकाबले में जहां न्यूजीलैंड की टीम पहली बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने की कोशिश करेगी, वहीं टीम इंडिया की नजर तीसरा खिताब जीतकर इतिहास रचने पर होगी।
बारिश को लेकर फैंस की बढ़ी चिंता
इस टूर्नामेंट में अब तक दो मैच बारिश के कारण रद्द हो चुके हैं। ऐसे में क्रिकेट फैंस के मन में यह सवाल उठ रहा है कि अगर भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला फाइनल मुकाबला भी बारिश की वजह से प्रभावित हो जाता है, तो आखिर चैंपियन किसे घोषित किया जाएगा।
फाइनल के लिए रखा गया है रिजर्व डे
आईसीसी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल के लिए 9 मार्च को रिजर्व डे रखा है। अगर 8 मार्च को बारिश के कारण मैच पूरा नहीं हो पाता, तो मुकाबला अगले दिन यानी सोमवार को पूरा कराया जाएगा। अगर मैच बीच में रुक जाता है और उसी दिन पूरा नहीं हो पाता, तो रिजर्व डे पर मैच वहीं से शुरू होगा जहां से रुका था।
रिजल्ट के लिए कितना खेल जरूरी
फाइनल मैच का नतीजा निकालने के लिए कम से कम 10-10 ओवर का खेल होना जरूरी है। अगर पहली टीम 20 ओवर खेल लेती है और उसके बाद बारिश होती है, तो दूसरी टीम को कम से कम 10 ओवर खेलने होंगे, तभी DLS मेथड के जरिए मैच का परिणाम निकाला जा सकेगा।
दोनों दिन मिलेगा अतिरिक्त समय
आईसीसी ने मैच पूरा कराने के लिए मैच डे और रिजर्व डे दोनों पर 120-120 मिनट का अतिरिक्त समय रखा है। इससे उम्मीद है कि खराब मौसम की स्थिति में भी मुकाबला पूरा कराया जा सके।
अगर मैच और रिजर्व डे दोनों धुल गए तो?
अगर खराब मौसम के कारण मैच डे और रिजर्व डे दोनों पर मुकाबला पूरा नहीं हो पाता, तो नियम के अनुसार भारत और न्यूजीलैंड को संयुक्त रूप से विजेता घोषित कर दिया जाएगा।
पहले भी रद्द हो चुका है ICC फाइनल
आईसीसी टूर्नामेंट के इतिहास में अब तक केवल एक बार फाइनल मुकाबला रद्द हुआ है। चैंपियंस ट्रॉफी 2002 का फाइनल भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया था। बारिश के कारण मैच पूरा नहीं हो पाया और अंत में दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया था।