Sports

स्पोर्ट्स डैस्क : भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने एक बार फिर अपने बल्ले से आग उगली है। सूर्यकुमार ने श्रीलंकाई गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए तीसरे व सीरीज के निर्णायक मैच में तेज शतक ठोक दिया। सूर्यकुमार ने महज 46 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया। उनकी इस पारी के दम पर भारत ने 5 विकेट के नुकसान पर 228 रन बना दिए।

सूर्यकुमार ने 51 गेंदों में नाबाद 112 रनों की पारी खेली। इस दाैरान उन्होंने बाउंड्री के जरिए ही महज 16 गेंदों में 82 रन बटोर दिए। उन्होंने 7 चाैकों के साथ 28 तो 9 छक्कों की मदद से 54 रन कूटे। इसी के साथ उन्होंने 45वें टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में अपने करियर का तीसरा टी20 शतक दर्ज कर लिया है। अब उनसे आगे रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने 4 टी20आई शतक जमाए हैं। रोहित शर्मा के बाद टी20आई में तीन या अधिक शतक लगाने वाले केवल दूसरे भारतीय बन गए।

उन्होंने केएल राहुल को पीछे छोड़ते हुए टी20आई में किसी भारतीय द्वारा दूसरा सबसे तेज टी20 शतक भी लगाया, जिन्होंने 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे छोटे प्रारूप में 46 गेंद में शतक बनाया था। रोहित ने पांच साल पहले श्रीलंका के खिलाफ 35 गेंद में शतक जड़कर किसी भारतीय द्वारा सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। केवल पांच बल्लेबाजों, भारत के रोहित, चेक गणराज्य के सबावून डेविजी, ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल और न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो ने टी20आई में तीन या अधिक शतक बनाए हैं।

भारत के लिए सबसे तेज टी20 शतक

35 रोहित शर्मा बनाम श्रीलंका इंदौर 2017
45 सूर्यकुमार यादव बनाम श्रीलंका राजकोट 2023
46 केएल राहुल बनाम वेस्टइंडीज लॉडरहिल 2016
48 सूर्यकुमार यादव बनाम इंग्लैंड नॉटिंघम 2022
49 सूर्यकुमार यादव बनाम न्यूजीलैंड माउंट माउंगानुई 2022