Sports

खेल डैस्क : सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2023 में पंजाब के लिए खेल रहे अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) ने सोमवार को गुजरात के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 112 रन बनाए और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। अभिषेक का यह टूर्नामेंट में दूसरा शतक है। खास बात यह है कि उन्होंने कुछ दिन पहले भी आंध्रा के खिलाफ भी 112 ही रन बनाए थे। दोनों शतक में इतनी समनताएं थीं कि दोनों 51 से कम गेंदों पर बने और दोनों पारियों में अभिषेक ने 9-9 छक्के लगाए।


पंजाब को मिली 36 रन से जीत
मैच की बात करें तो पंजाब ने प्रभसिमरण और अभिषेक शर्मा के साथ जोरदार शुरूआत की थी। दोनों ने 9.5 ओवर में ही पहले विकेट के लिए 115 रन जोड़ दिए। प्रभसिमरण 33 गेंदों पर 6 चौके और 3 छक्के की मदद से 54 रन बनाए। अभिषेक ने इसके बाद सनवीर सिंह के साथ साझेदारी कर स्कोर 230 तक पहुंचा दिया। अभिषेक ने 56 गेंदों पर 8 चौके और 9 छक्कों की मदद से 112 रन बनाए। जवाब में गुजरात की ओर से चिराग गांधी ने 42 गेंदों पर 80 तो अक्षर पटेल ने 27 गेंदों पर 52 रन बनाए लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके।

 

 

आंध्रा के खिलाफ भी बनाए थे 112 रन
17 अक्तूबर को आंध्रा प्रदेश के खिलाफ खेले गए मुकाबले में पंजाब ने अभिषेक शर्मा के 51 गेंदों पर 112 तो अनमोलप्रीत सिंह के 26 गेंदों पर 87 रनों की बदौलत 275 रन बनाए थे। जवाब में आंध्रा की टीम रिकी भुई के 104 रनाों की बदौलत 170 रन ही बना पाई। पंजाब के लिए हरप्रीत बराड़ शानदार रहे। उन्होंने 4 ओवर में महज 18 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। बहरहाल, अभिषेक ने अपनी 112 रन की पारी के दौरान 51 गेंदों पर 9 चौके और 9 छक्के लगाए थे।

 

 

अभिषेक शर्मा बने टॉप स्कोरर
अभिषेक दो शतकों के साथ ही टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर भी बन गए हैं। उनके 5 पारियों में अब 364 रन हो गए हैं। उनकी औसत 72 तो स्ट्राइक रेट 200 से भी ऊपर जा रही है। अभिषेक टूर्नामेंट में सर्वाधिक 29 छक्के लगा चुके हैं। उनके बाद रियान पराग का नाम है जोकि 311 रन बनाने के साथ 24 छक्के भी लगा चुके हैं।