Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 के क्वालिफायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 92 रनों से हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बना ली। धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 254/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में गुजरात की टीम 162 रन पर सिमट गई।

मैच के बाद GT कप्तान Shubman Gill ने हार की बड़ी वजह टीम की खराब फील्डिंग और दबाव में खराब प्रदर्शन को बताया। गिल ने माना कि उनकी टीम मैच में बनी हुई थी, लेकिन अहम मौकों पर हुई गलतियों ने मुकाबला पूरी तरह बदल दिया।

शुभमन गिल ने फील्डिंग पर उठाए सवाल

पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में गिल ने कहा कि गुजरात टाइटंस 12वें-13वें ओवर तक मुकाबले में थी, लेकिन फील्डिंग ने टीम की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

गिल ने कहा, 'मुझे लगता है कि हम 12वें-13वें ओवर तक मैच में अच्छी स्थिति में थे। हमारी फील्डिंग बिल्कुल स्तर के मुताबिक नहीं थी। यह उन मुकाबलों में से एक है जिसे हम जल्दी भूलना चाहेंगे। मुझे नहीं लगता कि यह हमारा दिन था।'

उन्होंने आगे कहा, 'दबाव वाले मौकों पर हम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके। शुरुआत अच्छी होना बेहद जरूरी था। आउटफील्ड तेज थी, लेकिन जिस तरह पिच खेल रही थी, उस हिसाब से लक्ष्य हासिल किया जा सकता था।'

साई सुदर्शन के विकेट पर भी बोले गिल

GT के स्टार बल्लेबाज Sai Sudharsan बेहद दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से हिट-विकेट आउट हुए। खास बात यह रही कि जिस गेंद पर उन्होंने चौका लगाया, उसी गेंद पर उनका बल्ला स्टंप्स से टकरा गया। इस पर गिल ने कहा, 'ऐसे विकेट बहुत कम देखने को मिलते हैं। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण था।'

रजत पाटीदार को मिले दो जीवनदान पड़े भारी

गुजरात की हार में खराब फील्डिंग सबसे बड़ा कारण बनी। GT के खिलाड़ियों ने एक ही ओवर में Rajat Patidar के दो कैच छोड़ दिए। पाटीदार ने इन मौकों का पूरा फायदा उठाया और तूफानी बल्लेबाजी से मैच को गुजरात की पहुंच से दूर कर दिया। RCB कप्तान ने सिर्फ 33 गेंदों में नाबाद 93 रन ठोक दिए। उनकी पारी में चौकों और छक्कों की बरसात देखने को मिली।

RCB बल्लेबाजों ने मचाया धमाल

RCB के लिए Virat Kohli ने 25 गेंदों में 43 रन बनाए, जबकि Devdutt Padikkal ने 19 गेंदों में 30 रन जोड़े। इसके अलावा Krunal Pandya ने 28 गेंदों में 43 रन और Jitesh Sharma ने सिर्फ 5 गेंदों में 15 रन की तेज कैमियो पारी खेली। इन पारियों की बदौलत RCB ने IPL प्लेऑफ इतिहास के सबसे बड़े स्कोरों में से एक 254/5 का विशाल स्कोर बनाया।

गेंदबाजों ने भी दिखाया दम

लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी दबाव में पूरी तरह बिखर गई। सिर्फ Rahul Tewatia ने 43 गेंदों में 68 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई समर्थन नहीं मिला। RCB की ओर से Jacob Duffy ने तीन विकेट झटके। Bhuvneshwar Kumar ने दो विकेट लेकर पर्पल कैप भी अपने नाम कर ली। वहीं Josh Hazlewood, Rasikh Salam Dar और क्रुणाल पांड्या ने भी अहम विकेट हासिल किए।

फाइनल में पहुंची RCB

इस बड़ी जीत के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सीधे IPL 2026 के फाइनल में एंट्री कर ली है। अब टीम लगातार दूसरी बार खिताब जीतने से सिर्फ एक कदम दूर है।