Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 के दूसरे क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को सात विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। मुल्लांपुर के न्यू पीसीए स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गुजरात ने 215 रन के बड़े लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया। कप्तान शुभमन गिल की टीम अब फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिड़ेगी।

सुदर्शन ने खेली मैच जिताऊ पारी

इस जीत में गुजरात के स्टार सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन ने एक बार फिर अहम भूमिका निभाई। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने सिर्फ 32 गेंदों में 58 रन की तेजतर्रार पारी खेली। हालांकि उनकी पारी का अंत एक बार फिर हिट-विकेट के रूप में हुआ। खास बात यह रही कि पिछले मैच में भी वह इसी तरह आउट हुए थे।

लगातार हिट-विकेट आउट होने पर दिया जवाब

लगातार दो मैचों में हिट-विकेट आउट होने के बाद साई सुदर्शन ने पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी। मैच के बाद उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि अब मुझे कुछ बदलाव करने चाहिए। मैं अपनी ग्रिप तकनीक पर काम करने की कोशिश करूंगा और कुछ गेंदें खेलकर देखूंगा कि इससे क्या फर्क पड़ता है। सच कहूं तो यह लगातार दो मैचों में कैसे हुआ, यह मेरे लिए भी हैरानी की बात है। पिछले मैच में गेंद कई बार उछलने के बाद स्टंप्स से टकराई थी, लेकिन इस बार मैं सिर्फ गेंद को सीधे खेलने की कोशिश कर रहा था।'

पूरे सीजन में शानदार फॉर्म में रहे सुदर्शन

हालांकि इस तरह के आउट होने के बावजूद सुदर्शन का बल्ला पूरे सीजन में जमकर बोला है। उन्होंने आईपीएल 2026 में अब तक 16 मैचों में 710 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 47.33 और स्ट्राइक रेट 159.55 रहा है। उन्होंने सीजन में आठ अर्धशतक और एक शतक भी लगाया है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर आरसीबी के खिलाफ 58 गेंदों में नाबाद 100 रन रहा।

आरसीबी से बदला लेने का मौका

अब गुजरात टाइटंस की नजर दूसरी आईपीएल ट्रॉफी जीतने पर है। क्वालीफायर-1 में आरसीबी से मिली हार के बाद गुजरात के पास फाइनल में बदला लेने का मौका होगा। दोनों टीमें 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगी।

NO Such Result Found