Sports

मुंबई : महान भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने यहां बुधवार को अपने घर पर टोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता मीराबाई चानू से मुलाकात की। सचिन और चानू ने ट्वीटर पर मुलाकात की तस्वीरें साझा की। चानू ने तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि आज सुबह सचिन तेंदुलकर सर से मिल कर अच्छा लगा। उनके ज्ञान और प्रेरणा के शब्द हमेशा मेरे साथ रहेंगे। 

वहीं सचिन ने ट्वीट में लिखा कि आज सुबह मीराबाई चानू से मिलकर बहुत खुशी हुई। मणिपुर से टोक्यो तक की आपकी प्रेरक यात्रा के बारे में आपसे बात करके बहुत अच्छा लगा। आगामी वर्षों में आपके पास जाने के लिए जगह है, कड़ी मेहनत करते रहो। उल्लेखनीय है कि चानू पिछले महीने टोक्यो ओलंपिक में भारोत्तोलन में कुल 202 किग्रा भार उठा कर रजत पदक जीतने वाली देश की पहली महिला बनीं थी। वह भारोत्तोलक कर्णम मल्लेश्वरी के बाद दो दशकों में पदक जीतने वाली दूसरी भारतीय हैं। इससे पहले मल्लेश्वरी ने 2000 सिडनी ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था।