Sports

खेल डैस्क : टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ ने विशाखापट्नम के मैदान पर फॉर्म में वापसी करते हुए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार पारी खेली। रुतुराज ने पांचवां ओवर फेंकने आए दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक नोत्र्जे की एक ओवर में पांच चौके जड़ दिए। भारत चौथे ओवर तक 28 रन बनाकर सधी हुई शुरूआत लेकर चल रहा था लेकिन रुतुराज के धमाके के साथ ही पावरप्ले में ही टीम इंडिया की रन रेट 9 से भी ऊपर चली गई। 
ऐसे गुजरा एनरिक का ओवर
4.1 : रुतुराज ने एनरिक की गेंद पर कट शॉट मारा। गेंद तेजी से बाऊंड्री लाइन की ओर निकल गई। 4 रन।
4.2 : दूसरे ही गेंद पर रुतुराज क्रीज से बाहर आ गए और उन्होंने मिड ऑन की तरफ तेजतर्रार शॉट खेला। 4 रन। 
4.3 : एनरिक ने तेजतर्रार बाऊंसर फेंका जोकि रुतुराज के कंधे तक आया। भारतीय सलामी बल्लेबाज ने झुककर गेंद को थर्ड मैन की ओर मारने की कोशिश की। गेंद रुतुराज के हेल्मेट की ग्रिल से लगने के बाद बाऊंड्री की ओर बढ़ गई। अंपायर ने इसे चौका करार दिया। 4 रन।
4.4 : एनरिक ने अगली गेंद फुल लैंथ पर फेंकी लेकिन संभलकर खड़े रुतुराज ने इसपर अच्छी फ्लिक लगाई। गेंद मिड विकेट की बाऊंड्री पार कर गई। 4 रन।
4.5 : एनरिक ने फिर से शॉट डिलिवरी का इस्तमाल किया। रुतुराज ने इसे थर्ड मैन की ओर घुमा दिया। शम्सी गेंद तक पहुंच नहीं पाए। 4 रन।
4.6 : रुतुराज के पास छह गेंदों पर छह चौके लगाने का मौका था लेकिन वह सफल नहीं हो पाए। गेंद उनके बल्ले के करीब से निकल गई। 0 रन।
देखें वीडियो-

 


बता दें कि एनरिक नोत्र्जे ने आईपीएल 2022 की सबसे तेज डिलिवरी फेंकने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। हालांकि उनसे पहले उमरान मलिक 157 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से आगे चल रहे थे लेकिन आखिरी मुकाबले में नोत्र्जे ने 157.3 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से गेंद फेंककर यह खिताब अपने नाम कर लिया।