Sports

पेरिसः रूस के वरिष्ठ खेल अधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय खेल प्रमुखों को भेजे गये पत्र में ‘डोपिंग रोधी प्रणाली में अस्वीकार्य हेरफेर’ और ‘व्यवस्थित डोपिंग कार्यक्रम’ के अस्तित्व को स्वीकार किया है।            

इस पत्र के मिलने के बाद विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) के अध्यक्ष क्रेग रीडी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘मैं इसे इस तरह से देख रहा हूं कि वे इस बात को स्वीकार करने के करीब पहुंच रहे हैं कि कुछ गलती हुई थी। उम्मीद है कि इससे आमूलचूल बदलाव होंगे।’’          

यह पत्र रूसी भाषा में लिखा गया है तथा इसे रीडी को संबोधित किया गया है। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के अध्यक्ष थामस बाक और अंतरराष्ट्रीय परालंपिक समिति के अध्यक्ष एंड्रयू पर्सन को इसकी प्रतियां भेजी गयी हैं। इस पत्र पर रूस के खेल मंत्री पावेल कोलोबकोव, रूसी ओलंपिक समिति के अध्यक्ष अलेक्सांद झुकोव और रूसी परालंपिक समिति के अध्यक्ष व्लादीमीर लुकिन के हस्ताक्षर हैं।