Sports

जयपुर : राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच कुमार संगकारा ने चोट के कारण सैम करन के इंडियन प्रीमियर लीग 2026 सीजन से बाहर होने पर निराशा जताई। उन्होंने कहा कि उनकी काबिलियत का खिलाड़ी खोने से हम निराश हैं। राजस्थान रॉयल्स की एक प्रेस रिलीज के अनुसार राजस्थान रॉयल्स ने सोमवार को श्रीलंकाई ऑलराउंडर और T20I कप्तान दासुन शनाका को करन के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल करने की घोषणा की। 

करन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और राजस्थान रॉयल्स के बीच हुए एक हाई-प्रोफाइल प्री-ऑक्शन ट्रेड का हिस्सा थे। इस डील के तहत CSK ने संजू सैमसन को अपनी टीम में शामिल किया जबकि RR ने रवींद्र जडेजा और सैम करन को टीम में लिया। करन ग्रोइन (जांघ के ऊपरी हिस्से) में चोट लगने के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। राजस्थान रॉयल्स के क्रिकेट डायरेक्टर और हेड कोच कुमार संगकारा ने कहा, 'सीजन शुरू होने से ठीक पहले सैम जैसे काबिल खिलाड़ी को खोने से हम निराश हैं।' 

उन्होंने आगे कहा, 'सैम बल्ले और गेंद दोनों से टीम के लिए बहुत अहम योगदान देते हैं। हालांकि हमें खुशी है कि हमें दासुन शनाका के रूप में एक बेहतरीन रिप्लेसमेंट मिल गया है। वह बल्ले से एक शानदार फिनिशर हैं और एक बेहतरीन ऑलराउंडर भी हैं, जो हमारी टीम का संतुलन बनाए रखने में मदद करेंगे।' 

शनाका के पास काफी अनुभव है और वह रॉयल्स के लोअर-मिडिल ऑर्डर को मजबूती देंगे। वह T20 इंटरनेशनल मैचों में श्रीलंका के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं। RR अपने IPL अभियान की शुरुआत 30 मार्च को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में पांच बार की चैंपियन टीम CSK के खिलाफ मैच से करेगी। CSK का सामना करने के बाद RR 4 अप्रैल को गुजरात टाइटन्स से भिड़ेगी, फिर 7 अप्रैल को मुंबई इंडियंस का सामना करेगी और उसके बाद 10 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से मुकाबला करेगी। शनाका इससे पहले IPL के 2023 सीजन में गुजरात टाइटन्स के लिए खेले थे, जहां उन्होंने तीन मैचों की तीन पारियों में उन्होंने 26 रन बनाए थे। 

NO Such Result Found