Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: बुधवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच में भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। उन्होंने वनडे क्रिकेट में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को भारत में सबसे अधिक छक्के लगाने के मामले में पछाड़ दिया है। पूर्व कप्तान धोनी भारत में सबसे अधिक (123) छक्के लगाने के मामले में सबसे आगे थे, लेकिन अब मौजूदा वनडे कप्तान रोहित शर्मा भारत में वनडे क्रिकेट में सबसे अधिक छक्के लगाने के मामले में आगे निकल गए हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। कप्तान रोहित ने मैच में 38 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्कों की बदौलत 34 रनों की पारी खेली। रोहित ने मैच में पहला छक्का तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर हेनरी शिपली के खिलाफ लगाया और इसके साथ ही उन्होंने धोनी का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। वहीं मैच में लगाए गए दो छक्कों के साथ अब रोहित के नाम भारत में वनडे में 125 छक्के हो गए हैं।

भारत में वनडे में सबसे अधिक छक्के लगान वाले बल्लेबाज

रोहित शर्मा - 125
एमएस धोनी - 123
सचिन तेंदुलकर - 71
विराट कोहली - 66
युवराज सिंह - 65

गौरतलब है कि रोहित शर्मा वनडे में ओवरआल लिस्ट में सबसे अधिक छक्के लगाने के मामले में चौथे पायदान पर आते हैं, वह 239 वनडे मैचों में 265 छक्के लगा चुके हैं। वहीं इस लिस्ट में सबसे ऊपर नाम पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी का आता है। वह 398 मैचों में 351 छक्के लगाकर वनडे में सबसे अधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं।

वनडे क्रिकेट में सबसे अधिक छक्के लगान वाले बल्लेबाज

शाहिद अफरीदी- 351 (398 मैच)
क्रिस गेल- 331 (301 मैच)
सनथ जयसूर्या- 270 (445 मैच)
रोहित शर्मा- 265 (239 मैच)
एमएस धोनी- 229 (350 मैच)