स्पोर्ट्स डेस्क: Riyan Parag ने Rajasthan Royals की हार के बाद रणनीति पर सफाई देते हुए कहा, 'यह फैसला पूरी तरह सोच-समझकर लिया गया था। लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन बनाए रखना जरूरी था, ताकि स्पिनर्स के खिलाफ रन गति बनी रहे।' उन्होंने आगे कहा, 'हम चाहते थे कि मिडिल ओवर्स में स्थिरता बनी रहे और बाद में आक्रामक बल्लेबाजी की जाए।'
फरेरा को रोकने के पीछे थी खास प्लानिंग
पराग ने Donovan Ferreira को देर से भेजने पर कहा, 'हमने सोचा कि उनके लिए सही समय आखिरी ओवर होंगे, जब तेज गेंदबाज गेंदबाजी करेंगे और वह शुरुआत से ही बड़े शॉट खेल सकें।' उन्होंने जोड़ा, 'योजना यह थी कि पहले 8-9 रन प्रति ओवर निकाले जाएं और फिर डेथ ओवर्स में पूरी तरह हमला किया जाए।'
मिडिल ओवर्स में गेंदबाजी ने बिगाड़ा खेल
Delhi Capitals के खिलाफ हार पर पराग ने माना, 'मुझे लगता है कि हमने मिडिल ओवर्स में काफी खराब गेंदबाजी की और यहीं मैच हाथ से निकल गया।' उन्होंने कहा, 'हमने एक ही ओवर में ज्यादा रन दे दिए और यह सिलसिला बार-बार दोहराया गया, जो हमारे लिए नुकसानदायक साबित हुआ।'
225 रन का स्कोर भी नहीं बचा पाए
पराग ने स्कोर को लेकर कहा, 'मुझे ईमानदारी से लगा कि 200 के आसपास का स्कोर पर्याप्त होता है और 225 तो काफी अच्छा स्कोर था।' उन्होंने आगे कहा, 'पिच थोड़ी धीमी हो रही थी, लेकिन हम उस स्कोर को डिफेंड नहीं कर पाए, जो निराशाजनक है।'
चोट पर अपडेट और अगले मैच पर नजर
मैच के दौरान लगी चोट पर पराग ने कहा, 'उम्मीद है कि यह ज्यादा गंभीर नहीं है, बस हैमस्ट्रिंग में थोड़ा खिंचाव है।' उन्होंने अंत में कहा, 'हमारे पास एक हफ्ते का समय है, उम्मीद है कि मैं पूरी तरह फिट होकर अगले मैच में वापसी करूंगा।'