Sports

खेल डैस्क : आईपीएल में "रिटायर्ड आउट" दुर्लभ कदम है, जिसे टीमों ने खेल को अपने पक्ष में मोड़ने के लिए समय समय पर अपनाया है। लेकिन हैरानी की बात है कि 2008 से शुरू हुए आईपीएल में 2021 सीजन तक एक भी बल्लेबाज ऐसा नहीं था जिसने खुद का रिटायर्ड आऊट करवाया है। 2022 से लेकर अब तक पांच बल्लेबाज ऐसे हैं जोकि रन बनाने में सक्ष्म न होने के कारण खुद ही मैदान छोड़कर चले गए। पंजाब किंग्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स मुकाबले में कुछ ऐसी ही उदाहरण देखने को मिली। आईपीएल इतिहास मे अब तक पांच ही बल्लेबाज ने खुद ही मैदान छोड़ा है। आइए देखते हैं लिस्ट-


आर अश्विन बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स, वानखेड़े, 2022
भारतीय स्पिनर आर अश्विन आईपीएल इतिहास में पहले बल्लेबाज बने, जिन्हें "रिटायर्ड आउट" किया गया। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए, अश्विन ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में 23 गेंदों पर 28 रन बनाए। पारी के अंतिम ओवरों में तेजी लाने के लिए, उन्होंने रियान पराग को मौका देने के लिए खुद को रिटायर्ड आउट कर लिया। इस रणनीति ने राजस्थान को तीन रनों से रोमांचक जीत दिलाई।


अथर्व ताइडे बनाम दिल्ली कैपिटल्स, धर्मशाला, 2023
पंजाब किंग्स के सलामी बल्लेबाज अथर्व ताइडे ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 214 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 42 गेंदों पर 55 रन बनाए। लेकिन तेजी से रन बनाने की जरूरत को देखते हुए, पंजाब ने उन्हें रिटायर्ड आउट कर जितेश शर्मा को मैदान पर भेजा। हालांकि, यह रणनीति काम नहीं आई और टीम 15 रनों से हार गई।


साई सुदर्शन बनाम मुंबई इंडियंस, अहमदाबाद, 2023
गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ क्वालिफायर 2 में 31 गेंदों पर 43 रन बनाए। शुभमन गिल के 129 रनों की शानदार पारी के बाद, पारी को और तेज करने के लिए सुदर्शन को 19वें ओवर में रिटायर्ड आउट किया गया। उनकी जगह आए राशिद खान ने आते ही चौका जड़ा, जिससे गुजरात 233/3 तक पहुंचा और फाइनल में जगह बनाई।


तिलक वर्मा बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स, लखनऊ, 2025
मुंबई इंडियंस के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने हाल ही में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 204 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 23 गेंदों पर 25 रन बनाए। आखिरी ओवरों में तेजी लाने के लिए उन्हें रिटायर्ड आउट कर मिचेल सैंटनर को भेजा गया, लेकिन मुंबई 12 रनों से हार गई। यह कदम चर्चा का विषय बना।


डेवोन कॉनवे बनाम पंजाब किंग्स, मुल्लांपुर, 2025
चेन्नई सुपर किंग्स स्टार डेवोन कॉनवे पंजाब किंग्स के खिलाफ मुल्लांपुर में खेले गए मैच में रिटायर्ड आउट होने वाले नवीनतम बल्लेबाज रहे। पंजाब ने पहले खेलते हुए प्रियांश आर्य के 103 रन की बदौलत 219 रन बनाए थे। जवाब में चेन्नई की टीम 201 रन ही बना पाई। कॉनवे 18वें ओवर में रिटायर्ड आऊट हुए जब टीम को 49 रन जीत के लिए चाहिए थे। लेकिन चेन्नई 201 रन ही बना पाई और 18 रन से मुकाबला गंवा दिया।