Sports

नई दिल्ली : राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टोक्यो ओलिम्पिक में रजत पदक जीतने वाले पहलवान रवि कुमार दहिया को बधाई दी और कांस्य पदक से चूकने वाले दीपक पूनिया का हौसला बढ़ाया। दहिया ओलिम्पिक खेलों में रजत पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय पहलवान बन गए। उन्हें पुरूष फ्री-स्टाइल 57 किग्रा. के फाइनल में मौजूदा विश्व चैम्पियन जावुर युवेगेव से 4-7 की हार मिली।

राष्ट्रपति ने ट्वीट किया कि भारत को रवि दहिया के टोक्यो ओलिम्पिक 2020 में रजत पदक जीतने पर गर्व है। आपने बहुत मुश्किल स्थिति में पहुंचने के बावजूद मुकाबलों में वापसी की और जीत हासिल की। सच्चे चैम्पियन की तरह आपने अपनी अंदरूनी ताकत का नजारा पेश किया। शानदार जीत और भारत को गौरवान्वित करने के लिए बधाई।

मोदी ने ट्वीट किया कि रवि कुमार दहिया शानदार पहलवान हैं। उनका लडऩे का जज्बा और दृढ़ता कमाल की है। टोक्यो ओलिम्पिक 2020 में रजत पदक जीतने के लिए उन्हें बधाई। भारत को उनकी उपलब्धियों पर गर्व है। 

दीपक पूनिया कांस्य पदक से चूक गए हों लेकिन मोदी ने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि दीपक पूनिया कांस्य पदक मुकाबला चूक गए लेकिन उन्होंने हमारे दिल जीत लिए। वह संयम और प्रतिभा के ‘पावरहाऊस’ हैं। भविष्य के लिए दीपक को मेरी शुभकामनाएं।

खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने ट्वीट किया कि आपने कर दिखाया रवि। बधाई हो। आपका प्रदर्शन प्रत्येक भारतीय के लिए फख्र का पल है। क्या शानदार सफर। भारतीय खेलों के लिये कितना शानदार दिन।