Sports

मुंबई : राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने रविवार को यहां मुंबई इंडियंस पर 30 रन की जीत के बाद कहा कि मैदान पर फैसले लेते समय वह अपनी स्वाभाविक समझ पर भरोसा करते हैं और इस सत्र में IPL के प्लेऑफ में पहुंचने का श्रेय अपने कई 'साहसी' फैसलों को दिया। राजस्थान रॉयल्स ने 8 विकेट पर 205 रन का स्कोर खड़ा किया और फिर मुंबई इंडियंस को 9 विकेट पर 175 रन पर रोककर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली। इस प्रक्रिया में उन्होंने पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। 

मैच के बाद के पुरस्कार समारोह में पराग ने कहा, 'मैंने इस सत्र में कई साहसी फैसले लिए हैं। मुझे इसी तरह कप्तानी करना पसंद है। मुझे लगा कि सिर्फ जोफ्रा आर्चर ही हार्दिक को आउट कर सकते हैं, और उन्होंने ठीक वैसा ही किया। मैदान पर तुरंत फैसले लेते समय मैं आंकड़ों के बजाय हमेशा अपनी स्वाभाविक समझ पर भरोसा करता हूं।' पराग की रणनीतिक चालें कामयाब रहीं। आर्चर को बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजा गया, जहां उन्होंने 15 गेंदों में 32 रन बनाए। बाद में गेंदबाजी करते हुए आर्चर 17 रन देकर तीन विकेट लिए, जिसमें रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या के विकेट भी शामिल थे। 

पराग ने कहा, 'जब चीजें योजना के मुताबिक होती हैं, तो बहुत अच्छा लगता है। हम जीत गए हैं, लेकिन अभी भी कई ऐसी चीजें हैं जिनमें हमें सुधार करने की जरूरत है। मैं चाहता था कि जो बल्लेबाज क्रीज पर जम चुका है, वह ज्यादा देर तक खेले। हमें रनों की जरूरत थी। हम ऐसा नहीं कर सकते कि दो बल्लेबाज एक-एक रन बनाकर खेलें। इसलिए हमने जडेजा को भेजा। हम उनसे 20 रन की तेज पारी चाहते थे, और उन्होंने ठीक वैसा ही किया।' 

असम के इस क्रिकेटर ने कहा कि वह अभी शत प्रतिशत फिट नहीं हैं, लेकिन उन्होंने प्लेऑफ में खेलने का पूरा भरोसा जताया। उन्होंने कहा, 'मैं यकीनन फिट नहीं था। मुझे आज या अगले मैच में नहीं खेलना था। लेकिन मैं अगला मैच जरूर खेलूंगा। जोफ्रा चट्टान की तरह मजबूत हैं। जड्डू भी बहुत मजबूत हैं। वह एक योद्धा हैं। हमें तो काफी पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर लेना चाहिए था। अब हम अपनी कमियों को दूर कर रहे हैं।' 

NO Such Result Found