Sports

नई दिल्ली : IPL 2025 के ऑक्शन में अनसोल्ड रहने के बाद पृथ्वी शॉ एक बार फिर अपनी पुरानी टीम दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के साथ जुड़ गए हैं। साल 2023 और 2024 के सीजन शॉ के लिए कुछ खास नहीं रहे थे, जहां 16 पारियों में उनके बल्ले से महज 304 रन ही निकले। हालांकि IPL 2026 के आगाज से पहले शॉ का मानना है कि इस छोटे से ब्रेक ने उन्हें मानसिक रूप से काफी मजबूत और तरोताजा कर दिया है। 

शॉ ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, 'मैंने इस दौरान अपनी जिदंगी को खुलकर जिया और कुछ जगहों पर घूमकर अपने दिमाग को शांत किया। वापसी के बाद मैंने अपने पुराने रूटीन पर तीन गुना ज्यादा मेहनत शुरू कर दी है, चाहे वह ट्रेनिंग हो या बल्लेबाजी। मेरे लिए यह ब्रेक बहुत जरूरी था। मैं इसे पीछे हटना नहीं कहूंगा, बल्कि इसने मुझे दिमागी तौर पर और भी ताकतवर बनाया है।' 

बता दें कि IPL 2024 के बीच में ही डीसी ने उन्हें प्लेइंग XI से बाहर कर दिया था। इसके बाद 2024-25 के घरेलू सीजन में भी उन्हें मुंबई की टीम से ड्रॉप होना पड़ा। उस समय मुंबई के उनके साथी श्रेयस अय्यर ने साफ कहा था कि शॉ को 'अपनी वर्क एथिक्स (कार्यशैली) पर ध्यान देने की जरूरत है'। इन तमाम उतार-चढ़ाव के बाद शॉ ने मुंबई का साथ छोड़ दिया और हाल ही में महाराष्ट्र की टीम से जुड़कर मैदान पर वापसी की है। 

शॉ ने कहा, 'मैं एक इंसान हूं, मुझसे गलतियां होंगी। जो कुछ लिखा या कहा जाता है, लोग उसका सिर्फ आधा ही जानते हैं। मेरा परिवार मुझे जानता है। मेरे दोस्त मुझे पूरी तरह जानते हैं। सोशल मीडिया या अखबारों में जब भी मेरे बारे में अच्छी या बुरी बातें आती थीं, तब उन्हें समझने के लिए मैं बहुत छोटा था। हर बार जब आप ऐसी चीजें देखते हैं, तो आप फिर उसी में उलझ जाते हैं। इसलिए मैंने उन्हें देखना ही बंद कर दिया। ये चीजें मुझे क्रिकेट से दूर ले जा रही थीं। लेकिन मुझे खुद पर भरोसा था, क्योंकि मुझे पता है कि मैं कहां से आया हूं और मैंने कितनी मेहनत की है। इंसान से गलतियां होती हैं, यह ठीक है, आगे बढ़ना चाहिए। वो सब अब अतीत है और कई साल पहले हुआ था। अब मुझे मैदान पर आकर मानसिक रूप से बहुत खुशी मिलती है।' 

दिल्ली कैपिटल्स में शॉ को टॉप ऑडर्र में केएल राहुल के साथ ओपनिंग के लिए पथुम निसंका और अभिषेक पोरेल से मुकाबला करना होगा। डीसी ने 2021 में प्लेऑफ खेला था, अपना आईपीएल 2026 अभियान एक अप्रैल को लखनऊ में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ शुरू करेगी।