Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने राजस्थान रॉयल्स (RR) के विजय अभियान को रोककर सोमवार देर रात 57 रन से शानदार जीत दर्ज की। मैच के हीरो दो अनकैप्ड भारतीय गेंदबाज प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन रहे जिन्होंने राजस्थान की मजबूत बैटिंग लाइनअप को पूरी तरह से हिलाकर रख दिया। हिंगे ने अपने डेब्यू मैच में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए न सिर्फ 'प्लेयर ऑफ द मैच' का खिताब जीता बल्कि इतिहास के पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने पहले ओवर में तीन विकेट लिए हैं।

प्रफुल हिंगे ने रचा इतिहास 

प्रफुल हिंगे ने 217 रनों के लक्ष्य का बचाव करते हुए अपने पहले ओवर की दूसरी ही गेंद पर शानदार फॉर्म में चल रहे युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को 'गोल्डन डक' (बिना कोई रन बनाए पहली गेंद पर आउट) किया। उन्होंने उसी ओवर में ध्रुव जुरेल और लुहान-ड्रे प्रिटोरियस के विकेट भी चटकाए। इस तरह वह IPL के पहले ही ओवर में तीन विकेट लेने वाले इतिहास के पहले खिलाड़ी बन गए। 

बाद में हिंगे ने राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग का विकेट भी लिया और अपने चार ओवरों में 34 रन देकर 4 विकेट लिए। इस तरह वह आकाश मधवाल और साकिब हुसैन के बाद अपने डेब्यू IPL मैच में चार विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए।

कौन हैं प्रफुल हिंगे? 

यह 24 वर्षीय गेंदबाज ने 2024/25 के रणजी ट्रॉफी सीजन में विदर्भ की ओर से अपना फर्स्ट-क्लास डेब्यू किया था। उन्होंने 10 फर्स्ट-क्लास मैचों में 27 विकेट लिए हैं। इसके अलावा उन्होंने 6 लिस्ट-ए मैचों में भी 5 विकेट चटकाए हैं। प्रफुल ने अब तक सिर्फ एक T20 मैच खेला है। वह अभी अपना दूसरा T20 मैच खेल रहे थे जो IPL में उनका पहला मैच था। प्रफुल ने MRF पेस एकेडमी में वरुण आरोन के साथ ट्रेनिंग की है। आरोन इस समय SRH के बॉलिंग कोच हैं। प्रफुल एक साधारण परिवार से आते हैं। वह ऑस्ट्रेलिया भी जा चुके हैं, जहां उन्होंने जोश हेज़लवुड के साथ ट्रेनिंग की थी।