Sports

नई दिल्ली : इम्पैक्ट प्लेयर नियम की कई खिलाड़ियों की आलोचना के बीच पंजाब किंग्स के सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने इस नियम का समर्थन करते हुए कहा कि इसके कारण खेले के अवसर बढ़ है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने संकेत दिया है कि यह नियम कम से कम एक और साल तक लागू रहेगा, जिसके बाद इसकी समीक्षा की जाएगी।  

प्रभसिमरन ने कहा, 'एक युवा खिलाड़ी के तौर पर मैं इसे एक अवसर के रूप में देखता हूं। कुछ लोगों को यह पसंद नहीं आता, क्योंकि इसमें आप ज्यादा जोखिम भरा क्रिकेट खेल सकते हैं। आप अपनी टीम में एक और खिलाड़ी जोड़ सकते हैं। आप गेंदबाजी या बल्लेबाजी के लिए, किसी को भी टीम में शामिल कर सकते हैं।' 

उन्होंने कहा, 'लेकिन एक युवा खिलाड़ी के तौर पर, मुझे लगता है कि यह एक बहुत अच्छा अवसर है। क्योंकि जब मैं यहां आया था। अब आठ साल हो चुके हैं। तो शुरुआती चार सालों में मुझे ज़्यादा मौके नहीं मिले थे। मैं बाहर बैठकर सोचता रहता था कि मुझे खेलने का मौका कैसे मिलेगा। लेकिन ‘इम्पैक्ट प्लेयर' नियम की वजह से अब मौके बढ़ गए हैं।' 

अगला कदम, जाहिर है, भारत के लिए खेलना है। उनके पंजाब के साथी खिलाड़ी अभिषेक शर्मा, जिनके साथ उनका कहना है कि 'स्वस्थ मुकाबला' है, पहले से ही वहां है और प्रभसिमरन इसे मुकाबले के साथ-साथ प्रेरणा के तौर पर भी देखते हैं। राष्ट्रीय टीम में अपनी बारी का इंतजार कर रहे कई ओपनर्स को देखते हुए, प्रभसिमरन जानते हैं कि उन्हें अभी और ज्यादा मेहनत करनी होगी। 

प्रभसिमरन ने कहा, 'इतना ज्यादा मुकाबला है कि आपको और ज्यादा करना पड़ता है कम करना काफी नहीं है। लेकिन अगर आप इसे स्वस्थ मुकाबले के नजरिए से देखें, तो मुझे लगता है कि आप सकारात्मक रूप से आगे बढ़ेंगे।' उन्होंने कहा, 'मेरी चयनकर्ताओं से कोई बात नहीं हुई है, लेकिन जहां भी मौका मिलेगा, मैं अच्छा करने की कोशिश करुंगा। भारत ‘ए' के लिए खेलते हुए आपको लगता है कि आप भारत के लिए खेलने के बहुत करीब हैं। अगर मैं वहां अच्छा करता हूं, तो मेरा मौका जरूर आएगा। हर बार जब मेरा चयन नहीं होता, तो मुझे पता होता है कि मैं जो कर रहा हूं वह काफी नहीं है, मुझे और अधिक करना होगा।'