नई दिल्ली : आयरलैंड ने इंग्लैंड और वेल्स में होने वाले ICC महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए एक युवा लेकिन अनुभवी 15-सदस्यीय टीम की घोषणा की है। 2024 के संस्करण में हिस्सा न ले पाने के बाद आयरलैंड की टीम इस वैश्विक टूर्नामेंट में वापसी कर रही है। कप्तान गैबी लुईस की अगुवाई वाली इस टीम में कई ऐसी खिलाड़ी शामिल हैं, जो अपना पहला महिला टी20 वर्ल्ड कप खेलने जा रही हैं।
ICC के अनुसार अवा कैनिंग, क्रिस्टीना कूल्टर रेली, अलाना डलज़ेल, एमी मैगुइरे और लारा मैकब्राइड उन नए चेहरों में शामिल हैं, जिन्हें हाल के महीनों में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। इस साल की शुरुआत में क्वालिफिकेशन अभियान में अहम भूमिका निभाने के बाद लुईस पहली बार टी20 वर्ल्ड कप में आयरलैंड की कप्तानी करेंगी। इस स्टाइलिश बल्लेबाज ने ICC महिला टी20 वर्ल्ड कप ग्लोबल क्वालिफायर में सबसे ज़्यादा रन बनाए थे, उन्होंने 7 मैचों में 276 रन बनाकर आयरलैंड को एक बार फिर विश्व मंच पर पहुंचाया।
आयरलैंड की बल्लेबाजी इकाई काफी हद तक लिया पॉल, एमी हंटर और ओर्ला प्रेंडरगास्ट जैसे अनुभवी नामों पर निर्भर रहेगी जबकि पूर्व कप्तान लॉरा डेलानी टीम में अपने नेतृत्व और हरफनमौला खेल से और भी मजबूती लाएंगी। डेलानी, जिन्होंने टूर्नामेंट के 2023 संस्करण में आयरलैंड की कप्तानी की थी, एक निजी उपलब्धि हासिल करने के बेहद करीब हैं; वह 100 T20I विकेट लेने वाली आयरलैंड की पहली महिला खिलाड़ी बनने की कगार पर हैं।
गेंदबाजी आक्रमण की कमान तेज गेंदबाज अर्लीन केली के हाथों में होगी, जो ग्लोबल क्वालिफायर के दौरान दूसरी सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बनकर उभरी थीं और इंग्लैंड के हालात में आयरलैंड की चुनौती की अगुवाई करने की उनसे काफी उम्मीदें हैं।
आयरलैंड को एक मुश्किल ग्रुप 2 में रखा गया है जिसमें उनके साथ मौजूदा चैंपियन न्यूजीलैंड, मेजबान इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, श्रीलंका और स्कॉटलैंड शामिल हैं। आयरलैंड 13 जून को ओल्ड ट्रैफर्ड में स्कॉटलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा।
महिला टी20 वर्ल्ड कप के लिए आयरलैंड की टीम
गैबी लुईस (कप्तान), एमी हंटर, अर्लीन केली, एवा कैनिंग, कारा मरे, क्रिस्टीना कूल्टर रेली, अलाना डलज़ेल, जॉर्जीना डेम्पसी, लॉरा डेलानी, लीह पॉल, लुईस लिटिल, ओर्ला प्रेंडरगास्ट, रेबेका स्टोकेल, एमी मैगुइरे, लारा मैकब्राइड।
आयरलैंड के टी20 विश्व कप मैचों का शेड्यूल (ग्रुप चरण)
आयरलैंड बनाम स्कॉटलैंड: 13 जून, ओल्ड ट्रैफर्ड, सुबह 10:30 बजे
आयरलैंड बनाम इंग्लैंड : 16 जून, हैम्पशायर बाउल, शाम 6:30 बजे
आयरलैंड बनाम न्यूजीलैंड: 19 जून, हैम्पशायर बाउल, शाम 6:30 बजे
आयरलैंड बनाम श्रीलंका: 23 जून, ब्रिस्टल काउंटी ग्राउंड, दोपहर 2:30 बजे
आयरलैंड बनाम आयरलैंड: 27 जून, ब्रिस्टल काउंटी ग्राउंड, दोपहर 2:30 बजे।