Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को चेक बाउंस के एक मामले में राहत मिली है। अलीपुर कोर्ट ने उन्हें उनकी पत्नी हसीन जहां द्वारा 1 लाख रुपए के बाउंस हुए चेक को लेकर लगाए गए आरोपों से बरी कर दिया है। यह मामला पिछले चार सालों से अलीपुर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में लंबित था। बुधवार को अदालत ने फैसला सुनाया कि शमी के खिलाफ लगाए गए आरोप साबित नहीं हो सके। 

मामला 2018 का है, जब हसीन जहां ने आरोप लगाया था कि शमी ने उन्हें घर के खर्च के लिए 1 लाख रुपए का चेक दिया था, जो बाद में बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गया था। इसके बाद उन्होंने अदालत का रुख किया था। इस मामले के साथ-साथ हसीन जहां ने शमी और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ विभिन्न दंडात्मक प्रावधानों के तहत कई शिकायतें भी दर्ज कराई थीं। 

शमी बुधवार को अदालत में पेश हुए। फैसले के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'मुझे पता था कि फैसला हमारे पक्ष में आएगा क्योंकि मैंने कुछ भी गलत नहीं किया था। मुझे जितनी भी रकम चुकानी थी, मैंने उसका एक-एक पैसा चुका दिया है।' उन्होंने आगे कहा, 'चाहे मैदान पर हो या मैदान के बाहर, मैं हमेशा हर स्थिति को अपनी पूरी क्षमता से संभालने की कोशिश करता हूं।' 

शमी फिलहाल IPL में लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। शमी ने मौजूदा IPL सीजन में 12 मैचों में 8.80 के ईकोनॉमी रेट से गेंदबाजी करते हुए 10 विकेट लिए हैं जिसमें उनका बेस्ट 9/2 रहा है।