Sports

रोहैम्पटन : बिजली जाने और इलेक्ट्रॉनिक लाइन कॉलिंग सिस्टम के काम न कर पाने की वजह से बुधवार को विंबलडन क्वालीफाइंग में खेल को एक घंटे से अधिक समय के लिए स्थगित करना पड़ा। लॉन टेनिस एसोसिएशन के नेशनल टेनिस सेंटर में आयोजित यह कार्यक्रम दोपहर 12.15 बजे बिजली गुल होने के कारण रोक दिया गया था, जिसके बाद लगभग 1.30 बजे बिजली बहाल होने पर खिलाड़ी वापस आये और मैच शुरु हो सका। 

बीबीसी की कमेंटेटर एनाबेल क्रॉफ्ट ने 'बेहद गर्म' तापमान का जिक्र करते हुए कहा कि इससे 'बिजली की कुछ समस्याएं' पैदा हुई हैं। ऑल इंग्लैंड क्लब के प्रवक्ता ने कहा, 'हमारे क्वालीफाइंग स्थल के एक हिस्से में अस्थायी रूप से बिजली चली गई थी, जिसके कारण इलेक्ट्रॉनिक लाइन कॉलिंग सिस्टम काम नहीं कर सका। उन्होंने कहा कि बिजली बहाल हो गई है और खेल फिर से शुरू हो गया है।' 

टूर्नामेंट भीषण गर्मी की चेतावनी के बीच आयोजित किया जा रहा है, जिसमें खिलाड़ियों और मेहमानों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। हालांकि यह माना जा रहा है कि बिजली गुल होने का एक कारण गर्मी ही थी, लेकिन उचित समय पर इसकी पूरी जांच की जाएगी।