Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान Mohammad Rizwan ने खराब फॉर्म को लेकर हो रही आलोचना पर खुलकर बात की है। PSL 2026 में टीम के प्लेऑफ से बाहर होने के बाद रिजवान ने माना कि उनकी मौजूदा फॉर्म T20 टीम में जगह के लायक नहीं है, लेकिन उन्होंने यह भी साफ किया कि वह हार मानने वाले नहीं हैं।

फॉर्म को लेकर खुद पर उठाए सवाल

रिजवान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उन्होंने पहले भी स्वीकार किया था कि खराब प्रदर्शन के आधार पर वह टीम में जगह के हकदार नहीं हैं। उन्होंने कहा, 'जब मैं बिग बैश लीग खेल रहा था, तब भी मैंने कहा था कि इस प्रदर्शन के आधार पर मैं पाकिस्तान टीम में जगह डिजर्व नहीं करता। लोग कहते थे कि मैं छक्के नहीं मार सकता, लेकिन मैं हमेशा सच बोलता हूं।'

हारिस रऊफ को भी कही थी यही बात

रिजवान ने खुलासा किया कि उन्होंने Haris Rauf से भी यही बात कही थी। उन्होंने कहा, 'हारिस रऊफ यहां बैठे हैं, वह गवाह हैं। हमने डिनर के दौरान बात की थी और मैंने उनसे भी कहा था कि मेरी मौजूदा फॉर्म के आधार पर मुझे टीम में नहीं होना चाहिए।'

“अगर आप कहें तो रिटायर हो जाऊं”

रिजवान ने साफ कहा कि वह मुश्किल सवालों से नहीं डरते और अगर लोग उन्हें रिटायर होने की सलाह देते हैं, तो वह इस पर भी विचार कर सकते हैं। उन्होंने कहा, 'हम सब इंसान हैं। मैंने अपनी गलतियां मानी हैं। अगर आप सोचते हैं कि मुझे इस उम्र में रिटायर हो जाना चाहिए, तो मैं रिटायर हो जाऊंगा।'

हार नहीं मानेंगे, वापसी का किया वादा

खराब फॉर्म के बावजूद रिजवान ने वापसी का भरोसा जताया और कहा कि क्रिकेट ही उनकी पहचान है। उन्होंने कहा, 'क्रिकेट मेरा जुनून है। मैं इससे दूर नहीं जा सकता। अभी मैं फेल हुआ हूं, शायद मेहनत कम थी, लेकिन मैं और मेहनत करके वापसी करूंगा।'

आंकड़ों में गिरावट साफ

रिजवान का हालिया प्रदर्शन उनके संघर्ष को दर्शाता है:

2025: 14 पारियों में 242 रन, औसत 17.28, स्ट्राइक रेट 107
PSL 2026: 7 पारियों में 107 रन, औसत 15.28
T20I टीम से दिसंबर 2024 से बाहर

हालांकि टेस्ट क्रिकेट में उनके पास वापसी का मौका है, जहां पाकिस्तान जल्द ही बांग्लादेश दौरे पर जाएगा।