Sports

चेन्नई : स्टीफन फ्लेमिंग ने ऋतुराज गायकवाड़ का चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान के तौर पर समर्थन किया है, लेकिन उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि आईपीएल 2026 में उनका बल्ला शांत रहा है। फ्लेमिंग ने कहा, 'मुझे लगता है कि ऋतुराज और अधिक कर सकता है। पहले उन्होंने करके दिखाया है। शीर्ष पर वह एक बेहतरीन खिलाड़ी रहे हैं। इस सीजन उनके बल्ले से अधिक रन और वो गति नहीं मिली है जो उन्होंने अपने करियर में किया है। ये कुछ ऐसा है जिसका वह ख्याल रखेंगे।' 

CSK को सनराइजर्स हैदराबाद ने सोमवार को एक ओवर शेष रहते हुए पांच विकेट से हराया। अब उनका केवल एक ही मैच बचा है और पांच बार की चैंपियन लगातार तीसरे सीजन प्लेऑफ की रेस से बाहर होने की कगार पर है। भले ही टीम को लगातार खिलाड़ियों के चोटिल होने की समस्या से जूझना पड़ा है, लेकिन गायकवाड़ की बल्लेबाजी आज के अति आक्रामक रूप के हिसाब से नहीं रही और खास तौर पर पावरप्ले में ही ये देखने को मिला। सोमवार को पहले छह ओवर की समाप्ति पर वह 11 गेंदों में 9 रन बनाकर खेल रहे थे। 

IPL 2025 में गायकवाड़ को बाहर करने वाली चोट को याद दिलाते हुए फ्लेमिंग ने कहा, 'इस साल कम से कम वह पूरे समय उपलब्ध तो रहे। पिछले सीजन तो वह यहां थे ही नहीं। इसे जज करना उचित नहीं होगा। हम खिलाड़ियों के इस ग्रुप के बारे में समझने की कोशिश कर रहे हैं और पर्दे के पीछे काफी काम चल रहा है। क्रिकेट के सबसे बेहतरीन कप्तानों में से एक एमएस धोनी के इतने सालों तक फ्रेंचाइजी में होने के बाद ये काफी बड़ा बदलाव है। इसमें थोड़ा समय लगने वाला है। लेकिन वह अच्छा काम कर रहे हैं। खिलाड़ियों के इस ग्रुप को वह काफी सम्मान देते हैं और लगातार सीखते रहते हैं। मुझे इस बात पर कोई शक नहीं है कि आगे चलकर वह फ्रेंचाइजी के लिए एक अच्छे कप्तान बनेंगे।' 

इस सीजन में पहली बार मैच वाले दिन धोनी मैदान पर थे। फ्लेमिंग ने कहा कि उनकी अगले सीजन को लेकर 44 वर्षीय धोनी से कोई बातचीत नहीं हुई है। इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, 'नहीं, हम इस पर काम कर रहे हैं।' फ्लेमिंग ने यह भी स्वीकार किया है कि इस सीजन टीम के ख़राब प्रदर्शन के बाद उनका खुद का भविष्य टीम के मालिकों के हाथ में है। 

उन्होंने कहा, 'मैं कहूंगा कि यह मैनेजमेंट की इच्छा होगी। मुझे पता है कि इस बारे में काफ़ी बात हो रही है, लेकिन MS का इस साल लगातार साथ रहना टीम के लिए काफी अहम रहा और युवा खिलाड़ियों को इसका लाभ मिला। वह काफी बड़ा हिस्सा हैं और खेले बिना भी उनका टीम पर बड़ा प्रभाव है। हमने काफ़ी अच्छी चीज़ें की हैं। हमने कुछ ऐसे खिलाड़यिों को लाया जो सीएसके का भविष्य बन सकते हैं। लेकिन मुझे पता है कि हमारा आंकलन परिणाम पर होता है। ये मैनेजमेंट का निर्णय होगा, मेरा नहीं।'