खेल डैस्क : वेस्टइंडीज के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निकोलस पूरन ने टी20 क्रिकेट में 9000 रन पूरे कर लिए हैं। मौजूदा आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में विकेटकीपर बल्लेबाज ने 8 गेंदों पर 11 रन बनाकर 9000 का आंकड़ा पार किया और क्रिस गेल, कीरोन पोलार्ड और आंद्रे रसेल के बाद इस सूची में शामिल होने वाले चौथे वेस्टइंडीज क्रिकेटर बन गए। कुल मिलाकर, वह खेल के सबसे छोटे प्रारूप में 9000 से अधिक रन बनाने वाले 25वें क्रिकेटर बन गए।
आईपीएल 2025 में सबसे ज्यादा रन
368 रन : निकोल्स पूरन
365 रन : साईं सुदर्शन
315 रन : जोस बटलर
307 रन : यशस्वी जायसवाल
299 रन : मिचेल मार्श
ऐसा रहा मैच
लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी थी। ऐडन मारक्रम ने 45 गेंदों पर 66 तो आयूष बदोनी ने 50 रन बनाए। अंत में अब्दुल समद ने 30 रन बनाकर स्कोर 180 तक पहुंचा दिया। जवाब में खेलने उतरी राजस्थान को यशस्वी जायसवाल ने 52 गेंदों पर 74, वैभव ने 34 तो कप्तान रियान पराग ने 39 रन बनाकर मजबूती दी। आखिरी ओवर में हेटमायर डटे हुए थे। लेकिन अवेश ने उन्हें आऊट कर मैच लखनऊ के पाले में मोड़ दिया। जीत के बाद आवेश भावुक भी होते दिखे। यह लखनऊ की सीजन में पांचवीं जीत रही।
निकोलस पूरन के ट्वंटी 20 क्रिकेट रिकॉर्ड
निकोलस पूरन ने 2024 में टी20 क्रिकेट में 150 छक्के लगाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया। यह उपलब्धि उन्होंने कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) में सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के खिलाफ 43 गेंदों में नाबाद 93 रन (7 छक्के) बनाकर हासिल की। उन्होंने क्रिस गेल का 2015 का रिकॉर्ड (135 छक्के) तोड़ा, और वह पहले बल्लेबाज बने जिन्होंने एक साल में 150 छक्कों का आंकड़ा छुआ। पूरन टी20 क्रिकेट में 600 या अधिक छक्के लगाने वाले चौथे बल्लेबाज हैं। उन्होंने यह उपलब्धि आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 30 गेंदों में 75 रन (7 छक्के) की पारी के दौरान हासिल की। उनसे पहले केवल क्रिस गेल (1056 छक्के), कायरन पोलार्ड (908 छक्के), और आंद्रे रसेल (733 छक्के) ही यह कारनामा कर चुके हैं।