Sports

लाहौर : पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी पर सख्त कार्रवाई करते हुए 2 साल का बैन लगा दिया है। मुजरबानी ने PSL के आखिरी दौर में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) को छोड़कर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए IPL 2026 खेलने का फैसला किया था जिसके बाद PCB ने यह कदम उठाया है। 

इस 29 साल के खिलाड़ी को शुरुआत में IPL और PSL दोनों की नीलामी में कोई खरीदार नहीं मिला था। लेकिन बाद में इस्लामाबाद यूनाइटेड ने उन्हें एक रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के तौर पर साइन किया था। उन्होंने टीम को छोड़ दिया और IPL में खेलने का फैसला किया, जहां उन्हें मुस्तफिज़ुर रहमान की जगह टीम में शामिल किया गया। मुस्तफिज़ुर को BCCI के निर्देशों पर KKR ने कुछ बाहरी वजहों से रिलीज कर दिया था। KKR ने इस बात की पुष्टि की और मुजरबानी टीम के साथ जुड़ गए। वह PSL के ठीक बाद शुरू हुए IPL सीजन से पहले ही टीम के साथ शामिल हो गए थे। 

PCB ने एक बयान में कहा, 'एक विस्तृत अनुशासनात्मक समीक्षा के बाद PCB ने घोषणा की है कि जिम्बाब्वे के क्रिकेटर ब्लेसिंग मुजरबानी को PSL के अगले दो (2) सीजन में खेलने के लिए अयोग्य घोषित किया जाता है। यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू होगा।' बयान में आगे कहा गया, 'बिना किसी ठोस वजह के इस तरह की प्रतिबद्धताओं से पीछे हटने की कोशिश करना अनुबंध संबंधी दायित्वों और वैश्विक पेशेवर खेलों को नियंत्रित करने वाले 'सद्भावना' के सिद्धांतों का उल्लंघन है।' 

PCB ने कहा, 'यह सजा PSL के पेशेवर माहौल को सुरक्षित रखने के लिए एक जरूरी कदम है। PSL यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि यह लीग एक ऐसा मंच बनी रहे जहां अनुबंध संबंधी निश्चितता का सम्मान किया जाए और जहां सभी खिलाड़ियों और एजेंटों के कार्य इस टूर्नामेंट की प्रतिष्ठा को दर्शाते हों।' 

PCB ने पिछले साल कॉर्बिन बॉश पर भी एक साल का बैन लगाया था। वहीं मुजरबानी के अलावा स्पेंसर जॉनसन और दासुन शनाका भी इस सीजन में IPL का हिस्सा बनने के लिए अपने PSL अनुबंधों को छोड़ दिया था, लेकिन इस समय तक उनके लिए किसी सजा की घोषणा नहीं की गई है।