Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: भारत की स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में इतिहास रचते हुए महिलाओं के 48 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीत लिया। यह न सिर्फ उनके करियर का राष्ट्रमंडल खेलों में लगातार तीसरा स्वर्ण पदक रहा, बल्कि भारत के लिए इन खेलों का पहला गोल्ड मेडल भी साबित हुआ। लेकिन इस जीत को खास बनाने वाली सिर्फ उनकी लिफ्ट नहीं थी, बल्कि उनके सिर पर सजा तिरंगा और पोडियम पर छलक पड़े खुशी के आंसू भी थे।

बालों में तिरंगा सजाकर उतरीं मीराबाई

फाइनल मुकाबले से पहले ही मीराबाई ने अपने देश के प्रति प्रेम का अनोखा संदेश दिया। उन्होंने भारतीय तिरंगे के रंगों वाले रिबन से तितली के आकार की हेयर क्लिप तैयार की और उसे बालों में लगाकर मंच पर उतरीं। स्वर्ण पदक जीतने के बाद मीराबाई ने बताया कि यह विचार उन्हें एक रात पहले आया था। मीराबाई चानू ने कहा, 'मैं भारत के लिए कुछ खास करना चाहती थी। इसलिए मैंने कल रात भारतीय ध्वज के रंगों वाले रिबन से तितली के आकार की हेयर क्लिप बनाई।'

राष्ट्रगान के दौरान छलक पड़े आंसू

जब पदक समारोह में मीराबाई पोडियम पर खड़ी थीं और पूरे स्टेडियम में भारत का राष्ट्रगान गूंज रहा था, तब वह अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सकीं। तिरंगे को ऊपर लहराते देख उनकी आंखें नम हो गईं। उन्होंने बताया कि यह पल उनके जीवन के सबसे भावुक क्षणों में से एक था। उन्होंने कहा, 'तिरंगे को ऊपर जाते देखना और राष्ट्रगान सुनना अपने आप में ऐसा पल होता है, जब आंखों में आंसू आ ही जाते हैं।'

'ये खुशी के आंसू थे'

मीराबाई ने साफ किया कि उनकी आंखों से निकले आंसू किसी दर्द के नहीं, बल्कि देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने की खुशी के थे। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय देशवासियों की दुआओं और समर्थन को दिया। मीराबाई ने कहा, 'ये खुशी के आंसू थे, क्योंकि मैंने इन राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता। मैं भारत के सभी लोगों का दिल से धन्यवाद करना चाहती हूं, जिन्होंने मेरे लिए प्रार्थना की।'

राष्ट्रमंडल खेलों में लगातार तीसरा गोल्ड

मीराबाई चानू का यह राष्ट्रमंडल खेलों में लगातार तीसरा स्वर्ण पदक है। इससे पहले भी वह गोल्ड कोस्ट 2018 और बर्मिंघम 2022 में स्वर्ण पदक जीत चुकी थीं। ग्लास्गो में मिली इस जीत के साथ उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में अपनी बादशाहत कायम रखी और एक बार फिर साबित किया कि वह दुनिया की सर्वश्रेष्ठ वेटलिफ्टरों में शामिल हैं।

भारत के लिए शानदार शुरुआत

मीराबाई के स्वर्ण पदक ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के अभियान की शानदार शुरुआत कराई। उनका गोल्ड भारतीय दल के लिए पहला स्वर्ण पदक बना, जिससे पूरे देश में जश्न का माहौल है। सोशल मीडिया पर भी मीराबाई की तिरंगे वाली हेयर क्लिप और राष्ट्रगान के दौरान भावुक होने की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं।