स्पोर्ट्स डेस्क: Delhi Capitals के तेज गेंदबाज Kyle Jamieson ने Rajasthan Royals के युवा बल्लेबाज Vaibhav Sooryavanshi को लेकर बड़ा खुलासा किया है। जैमीसन ने मैच के बाद कहा, 'मुझे नहीं लगता कि मैं कभी किसी 15 साल के खिलाड़ी से इतना डरा हूं। हमने मैच से पहले खास प्लानिंग की थी और अच्छा लगा कि वह काम आई।'
टीम मीटिंग में चर्चा का विषय बने सूर्यवंशी
वैभव सूर्यवंशी इस सीजन में सभी टीमों के लिए एक बड़ा खतरा बनकर उभरे हैं। यही वजह है कि विरोधी टीमें उनके लिए खास रणनीति बना रही हैं ताकि वह पावरप्ले में आक्रामक शुरुआत न कर सकें। दिल्ली कैपिटल्स ने भी यही रणनीति अपनाई और शुरुआती ओवरों में ही दोनों ओपनर्स को आउट कर मैच पर पकड़ बना ली।
कैसे हुआ सूर्यवंशी का विकेट?
जयपुर के Sawai Mansingh Stadium में खेले गए मुकाबले में सूर्यवंशी ने पहली ही गेंद पर चौका जड़ा। लेकिन अगली गेंद पर जैमीसन की शानदार यॉर्कर पर वह चूक गए। गेंद बल्ले का किनारा लेकर पैड से टकराई और स्टंप्स पर जा लगी। सूर्यवंशी सिर्फ 2 गेंदों में 4 रन बनाकर आउट हो गए।
सेंड-ऑफ पर मिला दंड
विकेट लेने के बाद जैमीसन ने आक्रामक अंदाज़ में जश्न मनाया और बल्लेबाज़ के करीब चले गए। इस व्यवहार के कारण उन्हें मैच रेफरी से चेतावनी और एक डिमेरिट पॉइंट मिला।
स्टार्क के साथ मिलकर किया शानदार आगाज
जैमीसन ने बताया कि टीम का प्लान दोनों ओपनर्स को जल्दी आउट करने का था, जिसमें वे सफल रहे। Mitchell Starc ने दूसरे ओपनर यशस्वी जायसवाल को आउट किया। जैमीसन ने कहा, 'स्टार्क ने एक विकेट लिया और मैंने एक, जिससे हम पावरप्ले में रन फ्लो रोक पाए।'
स्टार्क के साथ गेंदबाजी का अनुभव खास
जैमीसन ने स्टार्क के साथ नई गेंद साझा करने को खास अनुभव बताया। उन्होंने कहा, 'वह वर्ल्ड क्लास गेंदबाज हैं। टीम में उनका होना बड़ा फायदा है। सही समय पर उनकी वापसी हुई और उनके साथ गेंदबाजी करना शानदार अनुभव रहा।'
दिल्ली की जीत और आगे का सफर
दिल्ली कैपिटल्स ने इस मैच में 226 रन का बड़ा लक्ष्य हासिल कर अपनी सबसे बड़ी सफल रन चेज दर्ज की। टीम अब 9 मैचों में 4 जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर पहुंच गई है। अगला मुकाबला Chennai Super Kings के खिलाफ 5 मई को खेला जाएगा।