Latest News

बेंगलुरू: भारतीय फुटबाल में तमाम सफलताएं हासिल करने के बाद पहली बार हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) में खेल रही बेंगलुरू एफसी टीम ने चौथे सीजन में अपने घर में जीत का क्रम जारी रखा है। पहले मैेच में मुंबई सिटी एफसी को पटखनी देने वाली सुनील छेत्री की टीम ने रविवार रात श्री कांतीरवा स्टेडियम में दिल्ली डायनामोज को 4-1 से पीट दिया।


बेंगलुरू अंक तालिका में शीर्ष पर
बेंगलुरू ने पहले मैच में मुंबई सिटी एफसी को 2-0 से हराया था और वह लगातार दूसरी जीत के बाद अब दस टीमों की तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई है। बेंगलुरू की टीम ने 24वें मिनट में ही खाता खोल दिया। उसके लिए यह गोल आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी एरिक पार्टालू ने किया। उसके बाद दूसरा गोल भी जल्द ही दाग दिया। दूसरे हाफ में बेंगलुरू ने आक्रमण करना जारी रखा। इसी प्रयास में उसके हिस्से 57वें मिनट में तीसरा गोल भी आ गया। पहले हाफ में गोल करने में असफल रहने वाले मिकू ने बेंगलुरू के लिए चौथा गोल 87वें मिनट में किया।

86वें मिनट में दिल्ली का खाता खुला
सीजन के अपने पहले मैच में एफसी पुणे सिटी को उसके घर में 3-2 से मात देने वाली दिल्ली की टीम बेंगलुरू के सामने अपने विजयी क्रम को बरकरार नहीं रख सकी और इस सीजन में पहली हार को मजबूर हुई। दिल्ली का एकमात्र गोल कालू उचे ने किया। उचे ने 86वें मिनट में पेनल्टी को गोल में बदल कर इस मैच में दिल्ली का खाता खोला।